नई दिल्ली/रांची। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ)-2026 के 45वें संस्करण में झारखंड के पारंपरिक स्वाद ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है। मेले में राज्य के फूड स्टॉल को रजत पदक से सम्मानित किया गया। यह सम्मान झारखंड की खानपान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को मिली राष्ट्रीय सराहना का प्रतीक माना जा रहा है।

देश-विदेश से आए आगंतुकों को भाया झारखंडी स्वाद
मेले के फूड कोर्ट में झारखंड के स्टॉल पर पारंपरिक व्यंजनों की समृद्ध श्रृंखला प्रस्तुत की गई। यहां आने वाले आगंतुकों ने दाल पीठा, रुगड़ा, चिल्का रोटी, मालपुआ, रागी मोमोज़, ठेकुआ और धुस्का का भरपूर आनंद लिया। स्थानीय सामग्री और पारंपरिक पकाने की विधियों से तैयार इन व्यंजनों के अनूठे स्वाद ने देश-विदेश से आए आगंतुकों का दिल जीत लिया।
झारखंड के स्वाद से परिचित होने के लिए बड़ी संख्या में लोग स्टॉल पर पहुंचे। इनमें धुस्का, चिल्का रोटी, रागी मोमोज़ और रुगड़ा को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
पारंपरिक खानपान को मिली राष्ट्रीय पहचान
रजत पदक को राज्य के पारंपरिक खानपान की विशिष्टता, प्रस्तुति और लोकप्रियता की महत्वपूर्ण स्वीकृति के रूप में देखा जा रहा है। झारखंड की स्थानीय खानपान संस्कृति में विविधता और परंपरा का जो संगम है, वह इस मेले में आगंतुकों के सामने सजीव रूप में नजर आया।
यह उपलब्धि झारखंड के स्थानीय स्वादों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित करने और राज्य की सांस्कृतिक विरासत को व्यापक मंच पर प्रदर्शित करने की दिशा में एक उल्लेखनीय कदम है।


