Wednesday, October 14

रामगढ़, 24 अगस्त 2026: JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और भ्रष्टाचारमुक्त व्यवस्था की मांग को लेकर अभ्यर्थी न्याय मंच ने सोमवार से ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ की शुरुआत की। यात्रा के पहले चरण का शुभारंभ रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैया टांड़ से किया गया। शुरुआत के मौके पर अभ्यर्थियों और युवाओं में उत्साह देखने को मिला।

अभ्यर्थी न्याय मंच के मुताबिक, इस यात्रा का उद्देश्य किसी एक परीक्षा को रद्द कराने तक सीमित नहीं है। मंच झारखंड की पूरी भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया की मांग को लेकर अभियान चला रहा है। मंच का कहना है कि योग्य अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

24 जिलों में होगा संवाद और जनजागरूकता अभियान

यात्रा के दौरान अलग-अलग जिलों में छात्रों, अभ्यर्थियों, शिक्षकों, बुद्धिजीवियों और आम लोगों से संवाद किया जाएगा। भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं और व्यवस्था में सुधार की जरूरत को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने की योजना है।

मंच के अनुसार, यात्रा झारखंड के सभी 24 जिलों तक पहुंचेगी। पहले दिन रामगढ़ के बाद गोला, चितरपुर, मांडू और चरही-डेमोटांड़ क्षेत्र में कार्यक्रम निर्धारित है। दूसरे दिन हजारीबाग और चतरा, जबकि तीसरे दिन कोडरमा और गिरिडीह में अभ्यर्थियों एवं आम लोगों के साथ संवाद किया जाएगा।

आंदोलन किसी अभ्यर्थी के खिलाफ नहीं: मंच

अभ्यर्थी न्याय मंच ने स्पष्ट किया कि उसका आंदोलन किसी अभ्यर्थी के खिलाफ नहीं, बल्कि भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, भ्रष्टाचार, पेपर लीक और व्यवस्था की खामियों के खिलाफ है। मंच ने यह भी कहा कि किसी भर्ती प्रक्रिया में जांच या कार्रवाई की स्थिति में निर्दोष अभ्यर्थियों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

यात्रा के साथ रहेगी लीगल टीम

अभ्यर्थियों को न्यायिक मामलों में सहयोग देने के लिए यात्रा के साथ एक लीगल टीम भी रहेगी। इच्छुक अभ्यर्थियों को संबंधित मामलों में विधिसम्मत तरीके से न्यायिक प्रक्रिया से जुड़ने में सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

‘24 जिला–24 संकल्प–एक आवाज’ के नारे के साथ शुरू हुई इस यात्रा को झारखंड के युवाओं के अधिकार, सम्मान और भविष्य की लड़ाई के रूप में पेश किया गया है। मंच ने भर्ती व्यवस्था में सुधार, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और अभ्यर्थियों के भविष्य की सुरक्षा को अपना प्रमुख संकल्प बताया।

यात्रा में देवेंद्र नाथ महतो, मनोज यादव, बेबी महतो, गुड्डी देवी, पूजा महतो, संतोष चौधरी, पांडव महतो, जय प्रकाश महतो, अमर दीप महतो, तपन महतो, नीतीश कुमार, करमचंद महतो, बंशीधर महतो, सूरज कुमार और मंटू महतो समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

इसे भी पढ़े – FRO-ACF भर्ती परीक्षा रद्द करने का फैसला फिलहाल बरकरार, झारखंड हाईकोर्ट में अगली सुनवाई 24 सितंबर को

Share.
Next Story
ठकुराईन बुटीक में सजा सावन महोत्सव, रंजीता झा बनीं ‘सावन क्वीन’
Exit mobile version