सीसीटीवी, साफ-सफाई, भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य व्यवस्था की हुई समीक्षा…. अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश
चतरा। चतरा मंडल कारा में सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों को मिल रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को निरीक्षण किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शंभू लाल शॉ की उपस्थिति में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त रवि आनंद और पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने मंडल कारा का निरीक्षण किया। इस दौरान कारा की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर बंदियों के रहने, खाने-पीने और स्वास्थ्य सुविधाओं तक की बारीकी से समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता जांची। साथ ही प्रवेश और निकास व्यवस्था, प्रहरी की तैनाती तथा सुरक्षा निगरानी का जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने के लिए नियमित पेट्रोलिंग, आगंतुकों की समुचित जांच और जरूरी रजिस्टरों के नियमित संधारण का निर्देश दिया गया।
बंदियों की सुविधाओं की भी हुई समीक्षा
निरीक्षण के क्रम में बंदियों के वार्डों की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, हवा और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता की जांच की गई। इसके अलावा भोजन की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी समीक्षा हुई। अधिकारियों ने नियमित चिकित्सकीय जांच, जरूरी दवाओं की उपलब्धता और आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों की जानकारी ली।
व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक
निरीक्षण के बाद कारा की व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया गया। इस दौरान किसी तरह की अनियमितता या आपत्तिजनक स्थिति सामने नहीं आई। अधिकारियों ने कारा प्रशासन को मौजूदा व्यवस्थाओं को बनाए रखने और सुरक्षा के साथ-साथ बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। साथ ही जरूरत के अनुसार सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया, ताकि जेल का संचालन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और मानवीय दृष्टिकोण के अनुरूप हो सके।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. सत्येंद्र कुमार सिन्हा, कारा अधीक्षक मेनसन बरवा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन सहित कारा के अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
