Saturday, November 28

एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने लगे थे दोनों आरोपी, पीछा कर दबोचा; दो मोबाइल और नकदी समेत कई सामान बरामद

चतरा। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से 6.158 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई है। वशिष्ठनगर थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने यह कार्रवाई की। शनिवार को डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया।

डीएसपी ने बताया कि 27 नवंबर की शाम पुलिस की गश्ती टीम इलाके में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर पैदल जा रहे एक महिला और पुरुष पर पड़ी। पुरुष के कंधे पर एक पिट्ठू बैग था। पुलिस को सामने देखकर दोनों राज्य संपोषित प्लस टू हाईस्कूल मैदान की ओर भागने लगे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस जवानों ने पीछा किया और दोनों को पकड़ लिया।

इसके बाद पुलिस ने पुरुष के कंधे पर टंगे बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 6.158 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजपुर गांव निवासी अमित कुमार दांगी (26), पिता नागेश्वर दांगी और गिद्धौर थाना क्षेत्र के हेठ टोला निवासी सुनीता देवी (27), पति प्रवील दांगी के रूप में हुई है।

मोबाइल, नकदी और अन्य सामान भी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से अफीम के अलावा दो मोबाइल फोन, 380 रुपये नकद, एक वोटर कार्ड, पिट्ठू बैग, महिला का पर्स और कुछ कपड़े भी जब्त किए हैं। इस मामले में वशिष्ठनगर थाना कांड संख्या 162/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

डीएसपी के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई में जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह, एएसआई दिलीप कुमार नामता और पुलिस जवान शामिल थे।

 

Share.
Next Story
‘वेट एंड वॉच’ मुद्रा में झामुमो: आदिवासी सीटों की सुरक्षा पर टिकी पार्टी की रणनीति
Exit mobile version