Saturday, November 28

परित्यक्त खदानों में चल रहा था अवैध खनन, 80 किलो बिजली का तार समेत कई उपकरण बरामद

खलारी: CCL के एनके क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और चोरी के खिलाफ CISF ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार, 28 नवंबर को धामधमिया बाजार टांड़ के पास जंगल में स्थित परित्यक्त खदानों में विशेष सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध खनन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और बिजली के तार बरामद किए गए।

कमांडेंट अमित कुमार के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व सहायक कमांडेंट मनोहर बरवा ने किया। CISF की टीम ने सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। इसमें इंस्पेक्टर आर.के. सिंह, इंस्पेक्टर पंकज झा समेत अन्य जवान शामिल रहे। कार्रवाई से पहले मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी को MMDR अधिनियम, 1957 के तहत अभियान की सूचना दी गई थी।

सर्च के दौरान अवैध कोयला खनन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे बिजली के कनेक्शन का पता चला। CISF जवानों ने मौके पर ही अवैध कनेक्शन काट दिया। इसके साथ ही करीब 80 किलोग्राम बिजली का तार, तीन बेलचा, एक गैता और 11 तगाड़ी बरामद की गई।

जब्त किए गए सभी सामानों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मैक्लुस्कीगंज थाना को सौंपने की प्रक्रिया की गई।

अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा

CISF कमांडेंट अमित कुमार ने कहा कि CCL के एनके और पिपरवार क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, चोरी और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इसके लिए CCL प्रबंधन और स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर संवेदनशील इलाकों में निगरानी और छापेमारी की जा रही है।

Share.
Next Story
‘वेट एंड वॉच’ मुद्रा में झामुमो: आदिवासी सीटों की सुरक्षा पर टिकी पार्टी की रणनीति
Exit mobile version