Thursday, November 12

रांची। निशा भगत की मौत का मामला लगातार नए सवालों को जन्म दे रहा है। मामले में अब सबकी नजरें ज्योत्सना केरकेट्टा की प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं। ज्योत्सना केरकेट्टा कल यानी 13 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखेंगी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि वह इस पूरे मामले को लेकर क्या खुलासा करती हैं और क्या कोई नई जानकारी सामने आती है।

दरअसल, निशा भगत की आत्महत्या के बाद उनके पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत में ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की को नामजद किया गया है। इसके बाद से ही मामला लगातार चर्चा में है। ज्योत्सना केरकेट्टा भी इस प्रकरण को लेकर पहले से सुर्खियों में रही हैं।

फेसबुक लाइव में निशा ने बताई थी मानसिक प्रताड़ना की बात

निशा भगत ने आत्महत्या से पहले फेसबुक लाइव किया था। इस दौरान उन्होंने कुछ लोगों के नाम लिए थे और मानसिक प्रताड़ना का भी जिक्र किया था। उनके इस लाइव के सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया। निशा भगत को लेकर ज्योत्सना केरकेट्टा भी काफी चर्चा में रही है। उनकी सोशल मीडिया पोस्ट पर अक्सर आये दिन बयानबाजी चलती रहती थी।

 क्या प्रेस कॉन्फ्रेंस में साथ दिखेंगे अजय तिर्की और पुष्कर बड़ाइक?

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर एक और सवाल चर्चा में है। क्या ज्योत्सना केरकेट्टा अकेले मीडिया के सामने आएंगी या उनके साथ अजय तिर्की और पुष्कर बड़ाइक भी मौजूद रहेंगे? खासकर अजय तिर्की का नाम निशा के पिता की शिकायत में शामिल होने के कारण उनकी मौजूदगी को लेकर भी उत्सुकता बनी हुई है।

फिलहाल, सबकी निगाहें 13 नवंबर की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर हैं। ज्योत्सना केरकेट्टा अपना पक्ष किस तरह रखती हैं, किन सवालों का जवाब देती हैं और इस मामले में क्या नई बातें सामने आती हैं, यह देखना अहम होगा।

Share.
Next Story
पुष्पा फिल्म की कहानी नहीं, हकीकत में चल रहा है लाल चंदन की तस्करी का करोड़ों का खेल! चेन्नई से मलेशिया भेजी जा रही थी 12.87 टन लकड़ी
Exit mobile version