राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से तीन दिवसीय पदयात्रा निकाली जाएगी। इसकी शुरुआत कल भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू से होगी। भगवान बिरसा मुंडा के वंशज सुखराम मुंडा पारंपरिक झंडा दिखाकर पदयात्रा को रवाना करेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ होगी। इस दौरान उनके वंशजों को भी सम्मानित किया जाएगा।
बिरसा मुंडा का रथ होगा आकर्षण का केंद्र
इस पदयात्रा में भगवान बिरसा मुंडा का विशेष रथ शामिल होगा। रथ पर उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके जरिए लोगों तक भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और आदिवासी समाज के लिए उनके योगदान का संदेश पहुंचाया जाएगा।
उलिहातू से शुरू होने वाली पदयात्रा पहले दिन करीब 28 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसके बाद यात्रा खूंटी स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचेगी, जहां पहले दिन के कार्यक्रम का समापन होगा। अगले दो दिनों तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पदयात्रा आगे बढ़ेगी।
कई बड़े नेता होंगे शामिल
पदयात्रा में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इनमें पद्मभूषण कड़िया मुंडा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव और प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो प्रमुख हैं।
इसके अलावा प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, गंगोत्री कुजूर, कोचे मुंडा और शिवशंकर उरांव सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे।
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के मुताबिक, इस पदयात्रा का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और संघर्षों को लोगों तक पहुंचाना तथा आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
