जमशेदपुर: स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में अपनी पहचान बनाने वाले जमशेदपुर को हाल ही में ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। हालांकि, इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के बीच शहर के मानगो स्थित वसुंधरा स्टेट से सामने आई एक घटना ने स्थानीय स्वच्छता व्यवस्था और कचरा प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कैसे भड़का विवाद?
गुरुवार को वसुंधरा स्टेट के पास कचरा डंपिंग किए जाने को लेकर स्थानीय निवासियों और नगर निगम के कर्मचारियों के बीच बहस शुरू हुई। विवाद की मुख्य वजह वसुंधरा स्टेट में नगर निगम की ओर से कचरा ट्रांसफर स्टेशन के रूप में इस्तेमाल किया जाना है। प्रशासन के अनुसार, शहर की मुख्य डंपिंग साइट यहां से करीब 20 किलोमीटर दूर है. ऐसे में छोटी गाड़ियों से शहर के अलग-अलग इलाकों का कचरा वसुंधरा स्टेट लाया जाता है. यहां से बड़ी गाड़ियों (हाइवा) के माध्यम से कचरे को मुख्य डंपिंग साइट तक भेजा जाता है। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि निगम के वाहन चालकों और स्थानीय लोगों के बीच हाथापाई और पथराव की नौबत आ गई। इस हिंसक झड़प के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल कायम हो गया।
क्या है स्थानीय लोगों की नाराजगी की वजह?
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि रिहायशी इलाके के बेहद करीब लगातार कचरा डंप किए जाने से उनका जीना मुहाल हो गया है। कचरे से उठने वाली असहनीय बदबू के कारण लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। इसके अलावा, इलाके में मच्छर-मक्खियों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार विरोध जताया गया और शिकायत की गई, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस समाधान अब तक नहीं निकाला गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, हालात पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और आक्रोशित लोगों तथा निगम कर्मियों को शांत कराकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले की जांच कर रही है।
बहरहाल, इस घटना ने शहरी क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन और डंपिंग स्थलों के चयन को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। एक तरफ जहां जमशेदपुर को स्वच्छता के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ रिहायशी इलाकों में कचरा डंपिंग के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा व्यवस्था की जमीनी हकीकत को उजागर कर रहा है।
