गुरुवार की रात लोहरदगा में हुए युवा व्यावसायी की हत्या के बाद लोहरदगा के लोग खासे आक्रोशित हैं. प्रदेश शौंडिक (सुडी) समाज के लोगों ने कहा है कि समाज के लोग लोहरदगा के युवा व्यवसायी स्वर्गीय शुभम साहू की पतरा टोली स्थित प्रिया स्टोर में घुसकर अपराधियों द्वारा निर्मम गोली मारकर की गई हत्या की घोर निंदा करते हैं तथा उनके असामयिक एवं अत्यंत दुखद निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं.
झारखण्ड प्रदेश शौंडिक (सुडी) के महासचिव योगेंद्र प्रसाद ने कहा किसमाज इस दुःखद घड़ी में समाज शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना प्रकट करता है तथा ईश्वर से प्रार्थना करता है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें एवं शोक-संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति और संबल प्रदान करें.
झारखण्ड प्रदेश शौंडिक (सुडी) समाज, झारखण्ड सरकार एवं जिला प्रशासन से मांग करता है कि इस जघन्य एवं नृशंस हत्याकांड में संलिप्त सभी अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए तथा उन्हें कठोरतम दंड दिलाया जाए. साथ ही प्रदेश के व्यापारियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु प्रभावी एवं ठोस कदम उठाए जाएं तथा पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक, न्यायिक एवं प्रशासनिक सहयोग प्रदान किया जाए.
समाज के सभी सामाजिक बंधुओं से आग्रह है कि वे इस दुःख की घड़ी में एकजुट होकर पीड़ित परिवार के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद करें तथा सामाजिक एकता, सहयोग और न्याय की स्थापना के लिए संगठित होकर समाज की शक्ति एवं संवेदनशीलता का परिचय दें



