रांची: दुर्गा पूजा-2026 को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर में पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निगम स्तर पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। इसी सिलसिले में सोमवार, 21 सितंबर को नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में शहर की दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों और आयोजनकर्ताओं के साथ बैठक हुई।
बैठक में नवरात्र की शुरुआत से लेकर पूजा, विजयादशमी और प्रतिमा विसर्जन तक की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। खास तौर पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए साफ-सफाई, सड़क और संपर्क पथ, पथ प्रकाश, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं पर जोर दिया गया।
इसके अलावा पूजा पंडालों के आसपास यातायात व्यवस्था, पार्किंग, प्रतिमा विसर्जन स्थल, फॉगिंग और डॉग कैचिंग को लेकर भी चर्चा हुई। शहर में बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर पेड़ों की छंटाई कराने और रास्तों को सुगम रखने पर भी विचार किया गया।
नगर निगम की ओर से पूजा समितियों से भी उनकी जरूरतों और स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं की जानकारी ली गई, ताकि समय रहते उनका समाधान किया जा सके। पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शहर में आने को देखते हुए निगम सभी जरूरी नागरिक सुविधाओं को व्यवस्थित करने की तैयारी में जुट गया है।
बैठक में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, कार्यपालक अभियंता, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक समेत निगम के अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा रांची जिला श्री दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति सहित शहर की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधि और आयोजनकर्ता भी बैठक में शामिल हुए।



