Wednesday, November 11

तूफान क्लब पूजा समिति की ओर से 1984 से हो रही पूजा, इस बार काल्पनिक मंदिर की थीम पर बनाया गया आकर्षक पंडाल; श्रद्धालुओं के लिए झूले और विद्युत सज्जा भी बने आकर्षण

दीपावली की मध्यरात्रि राजधानी रांची में मां काली की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। शहर के विभिन्न इलाकों में मां काली के भव्य पंडाल बनाए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर मां के दर्शन और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। इसी कड़ी में करमटोली स्थित तूफान क्लब पूजा समिति की ओर से भी मध्यरात्रि में मां श्मशान काली की विशेष पूजा आयोजित की गई।

पूजा से पहले पंडाल का उद्घाटन रांची की मेयर रोशनी खलखो ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने मां काली की पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर वार्ड 19 के पूर्व पार्षद सुजीत उरांव सहित मोहल्ले के लोग और पूजा समिति के सदस्य मौजूद रहे।

1984 से हो रही है मां काली की पूजा

करमटोली के तूफान क्लब पूजा समिति की ओर से वर्ष 1984 से लगातार मां काली की पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस बार समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण के रूप में काल्पनिक मंदिर की थीम पर भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है। पंडाल को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है, जो रात के समय श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

इसके अलावा बच्चों और परिवार के साथ आने वाले लोगों के मनोरंजन के लिए परिसर में झूले भी लगाए गए हैं। पूजा समिति की ओर से आयोजन को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।

तीन दिनों तक होंगे धार्मिक आयोजन

पूजा समिति के अनुसार, श्रद्धालुओं के बीच शाम को महाभोग का वितरण किया जाएगा। इसके बाद मंगलवार को खीर प्रसाद का वितरण होगा। वहीं, बुधवार को भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

भंडारे के बाद मां काली की प्रतिमा के विसर्जन को लेकर शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही पूजा महोत्सव का समापन होगा। आयोजन को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।

Share.
Next Story
निशा भगत की संदिग्ध मौत पर गरमाई सियासत, CBI जांच की मांग को लेकर भाजपा एसटी मोर्चा का आंदोलन का ऐलान
Exit mobile version