रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह 2026 और राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रांची के मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में दो दिवसीय राज्यस्तरीय ग्रामीण एवं जनजातीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शुक्रवार को प्रतियोगिता का दूसरा दिन रहा, जिसमें राज्य के विभिन्न प्रमंडलों से आए महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड के पारंपरिक और ग्रामीण खेलों को विशेष महत्व दिया गया। दूसरे दिन गुलेल, हॉकी, फुटबॉल, तीरंदाजी, वॉलीबॉल, मटका दौड़, भार दौड़ और गेड़ी दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
पांच प्रमंडलों की महिला-पुरुष टीमों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता के वॉलीबॉल खेल के नोडल पदाधिकारी प्रवीण मिश्रा ने बताया कि इस आयोजन में राज्य के पांचों प्रमंडलों की महिला एवं पुरुष टीमों ने भाग लिया है। उन्होंने कहा कि झारखंड की ग्रामीण और जनजातीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।


