शेरेगड्डा नाला के पास पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, स्टील के केन में लेकर जा रहा था 1 किलो 80 ग्राम गीली अफीम; पिता भी तस्करी के मामले में जा चुका है जेल
चतरा। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत चतरा पुलिस को एक और सफलता मिली है। सदर थाना क्षेत्र के शेरेगड्डा नाला के पास छापेमारी कर पुलिस ने एक 20 वर्षीय युवक को अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से 1 किलो 80 ग्राम गीली अफीम जैसा पदार्थ बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, जब्त अफीम की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपये है।
सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि शेरेगड्डा नाला के समीप एक व्यक्ति स्टील के केन में अफीम लेकर बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना मिलने के बाद सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
इसी दौरान हाथ में स्टील का केन लेकर पहुंचा एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और भागने लगा। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके केन से 1 किलो 80 ग्राम अफीम जैसा गीला पदार्थ बरामद हुआ।
पिता भी अफीम तस्करी के मामले में जा चुका है जेल
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक की पहचान प्रतापपुर थाना क्षेत्र के सिंदुरिया निवासी देवराज यादव के 20 वर्षीय पुत्र अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसके पिता भी अफीम के अवैध कारोबार से जुड़े रहे हैं। वह पहले भी अफीम तस्करी के मामले में जेल जा चुके हैं।
इस मामले में सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस मामले में पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
इस छापेमारी दल में एसडीपीओ सदर के अलावा पुलिस निरीक्षक सह सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक प्रियेश प्रसुन और सदर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
