रांची। झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (NUSRL), रांची की पहल रंग ला रही है। विश्वविद्यालय के प्रयासों से पारंपरिक वाद्य यंत्र ‘मांदर’ को भौगोलिक संकेतक (GI) टैग मिल चुका है। अब इसी कड़ी में पूर्वी सिंहभूम की प्रसिद्ध पैटकर पेंटिंग और देवघर के मशहूर पेड़ा को GI टैग दिलाने की कवायद तेज है। दोनों उत्पादों के लिए आवेदन दाखिल किए जा चुके हैं और विश्वविद्यालय इनके पंजीकरण की प्रक्रिया में सहयोग कर रहा है। इस पहल से झारखंड की पारंपरिक कला, स्थानीय उत्पादों और उनसे जुड़े कारीगरों व उत्पादक समुदायों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

मांदर है झारखंड के लोकसंगीत, आदिवासी परंपराओं और सामुदायिक जीवन का अभिन्न हिस्सा
मांदर झारखंड के लोकसंगीत, आदिवासी परंपराओं और सामुदायिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है। इसके लिए 24 सितंबर 2021 को आवेदन संख्या 777 के तहत Raidih Mandar Producer Company Limited के नाम से आवेदन दाखिल किया गया था। NUSRL ने इस प्रक्रिया में अनुसंधान, दस्तावेजीकरण, कानूनी सहयोग और संबंधित हितधारकों के साथ समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विश्वविद्यालय के विजिटिंग फैकल्टी एवं बौद्धिक संपदा अधिकार विशेषज्ञ डॉ. सत्यदीप सिंह ने भी आवेदन से जुड़ी प्रक्रियाओं में योगदान दिया।
पैटकर पेंटिंग और देवघर पेड़ा पर नजर
विश्वविद्यालय अब झारखंड की दो अन्य विशिष्ट पहचान को GI संरक्षण दिलाने की दिशा में काम कर रहा है। पूर्वी सिंहभूम की पारंपरिक कला पैटकर पेंटिंग के लिए 9 अक्टूबर 2020 को आवेदन संख्या 712 दाखिल किया गया था। वहीं, देवघर के प्रसिद्ध पेड़ा के लिए 10 जनवरी 2023 को आवेदन संख्या 1043 दाखिल किया गया। दोनों आवेदन GI से संबंधित प्रक्रियाओं के अधीन हैं।
GI टैग मिलने से उत्पादों की विशिष्ट भौगोलिक पहचान को कानूनी संरक्षण मिलता है। इससे पारंपरिक कारीगरों और स्थानीय उत्पादक समुदायों की पहचान मजबूत करने, उनकी कला एवं परंपराओं को संरक्षित करने और उत्पादों की प्रतिष्ठा बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
स्थानीय विकास से जुड़ेगा बौद्धिक संपदा संरक्षण
NUSRL में DPIIT IPR चेयर के माध्यम से बौद्धिक संपदा अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। विश्वविद्यालय में Champion MSME Scheme के तहत IP Facilitation Centre भी संचालित है, जो पात्र हितधारकों को IPR संबंधी जानकारी और सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करता है।
राज्य की सांस्कृतिक एवं पारंपरिक पहचान को मजबूत करना विश्वविद्यालय का उद्देश्य : कुलपति

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. अशोक आर. पाटिल ने कहा कि संस्थान झारखंड की संस्कृति, परंपरा और धरोहर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। IPR और GI के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक एवं पारंपरिक पहचान को मजबूत करना विश्वविद्यालय का उद्देश्य है।


