धनबाद : संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को धनबाद समाहरणालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान के मूल आदर्शों, मौलिक अधिकारों तथा कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उप निर्वाचन पदाधिकारी कालीदास मुंडा ने की। कार्यक्रम में समाहरणालय के विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, प्रधान सहायक और कर्मचारी शामिल हुए।
संविधान के मूल मंत्र को जीवन में उतारने की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप निर्वाचन पदाधिकारी कालीदास मुंडा ने कहा कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान सभा ने जिस सोच और परिकल्पना के साथ भारतीय संविधान का निर्माण किया था, उसके मूल मंत्र को अपने जीवन में अपनाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि संविधान में नागरिकों को मौलिक अधिकार देने के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों का अपना विशेष महत्व है। संविधान की प्रस्तावना और उसके मूल उद्देश्यों का बार-बार वाचन करने से उसके आदर्शों को व्यवहार और दैनिक जीवन में उतारने की प्रेरणा मिलती है।
मौलिक दायित्वों के निर्वहन का लिया संकल्प
कालीदास मुंडा ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने मौलिक दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने संविधान के आदर्शों को केवल शब्दों तक सीमित न रखकर उन्हें अपने आचरण में शामिल करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इसी के साथ संविधान के मूल उद्देश्यों और आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए कार्यक्रम का समापन हुआ।
