Tuesday, October 27

पलामू: जिले में अवैध रूप से खनिज संपदा की ढुलाई करने वालों के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार की रात चलाए गए अभियान के दौरान अलग-अलग इलाकों से चार वाहनों को जब्त किया गया। इनमें कोयला, बालू, स्टोन डस्ट और स्टोन की ढुलाई में लगे वाहन शामिल हैं। सभी जब्त वाहनों को संबंधित थानों में रखा गया है।

यह अभियान पलामू जिलाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के निर्देश पर चलाया गया। जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच और कार्रवाई की।

अलग-अलग इलाकों में पकड़े गए वाहन

अभियान के दौरान नेशनल हाईवे पर लातेहार की ओर से अवैध रूप से कोयला लेकर जा रहे एक वाहन को जब्त किया गया। वाहन को नावाबाजार थाना में रखा गया है और उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है।

वहीं, नावाबाजार थाना क्षेत्र में ही अवैध रूप से बालू की ढुलाई कर रहे एक अन्य वाहन को पकड़ा गया। इसके अलावा छतरपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान स्टोन डस्ट और स्टोन लदे दो अलग-अलग वाहन जब्त किए गए। इन दोनों वाहनों के मामले में भी कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अवैध कारोबार करने वालों पर होगी कार्रवाई

जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने चार वाहनों की जब्ती की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि जिले में अवैध रूप से खनिज संपदा की ढुलाई के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह के कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी और विभाग की छापेमारी आगे भी जारी रहेगी।

Share.
Next Story
रांची में सब-इंस्पेक्टर के बंद मकान में 20 लाख से अधिक की चोरी, CCTV में कैद हुई संदिग्धों की गतिविधियां
Exit mobile version