Tuesday, October 27

रांची: रांची से पटना जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस में सफर के दौरान जन सुराज पार्टी से जुड़े डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता लापता हो गए। 31 वर्षीय देवपालिक उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले हैं। सोमवार, 26 अक्टूबर को वह अपने दोस्त और सहकर्मी के साथ रांची से पटना के लिए रवाना हुए थे। मामले की सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस और सुरक्षा बल उनकी तलाश में जुटे हैं।

समाचार एजेंसी के मुताबिक, देवपालिक के दोस्त और सहकर्मी गौतम कुमार ने बताया कि दोनों ने रांची रेलवे स्टेशन से जनशताब्दी एक्सप्रेस पकड़ी थी। ट्रेन दोपहर करीब 2 बजकर 25 मिनट पर रवाना हुई। करीब दस मिनट बाद देवपालिक ने कुछ खाने के लिए पैंट्री कार जाने की बात कही, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटे।

काफी देर तक इंतजार करने के बाद उनके साथी पैंट्री कार पहुंचे और फिर ट्रेन के सभी कोच में उनकी तलाश की, लेकिन देवपालिक का कोई पता नहीं चला। बताया गया कि वह ट्रेन संख्या 12366 के C2 कोच में सीट नंबर 50 पर यात्रा कर रहे थे।

मुरी स्टेशन पर दर्ज कराई गई शिकायत

ट्रेन के मुरी जंक्शन पहुंचने पर उनके साथियों ने राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) में शिकायत दर्ज कराई। मुरी जंक्शन के RPF इंस्पेक्टर संजीव सिंह के मुताबिक, स्टेशन के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, देवपालिक मुरी स्टेशन पर ट्रेन से नहीं उतरे थे। उनका मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है।

फिलहाल स्थानीय पुलिस और RPF की संयुक्त टीम उनकी तलाश कर रही है। उनके लापता होने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

IIMC के पूर्व छात्र हैं देवपालिक

देवपालिक गुप्ता दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) के पूर्व छात्र हैं। वह प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी में डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर के तौर पर जुड़े रहे हैं। वर्ष 2017 में वह लल्लनटॉप कहानी प्रतियोगिता के विजेता भी रह चुके हैं।

उनके लापता होने की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी उनकी तलाश में मदद की अपील की जा रही है। फिलहाल उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

Share.
Next Story
टाटानगर से जयपुर जाना होगा आसान, नई ट्रेन को रेल मंत्री और सांसद ने दिखाई हरी झंडी
Exit mobile version