बिहार के जमुई जिले में हुई शर्मनाक घटना के कुछ ही दिनों बाद अब समस्तीपुर जिले से भी एक नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना 23 सितंबर की बताई जा रही है और वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई। सदर डीएसपी दुर्गेश दीपक के अनुसार मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर बांध की घटना
पूरा मामला समस्तीपुर जिले के कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव के बांध का है। जानकारी के मुताबिक एक नाबालिग लड़का और लड़की बाइक से बांध पर पहुंचे थे और वहां बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कुछ मनचले युवकों ने उन्हें घेर लिया और लड़के के साथ मारपीट कर उसे वहां से भगा दिया।
लड़की के विरोध के बावजूद नहीं रुके मनचले
लड़के के जाने के बाद आरोपियों ने नाबालिग लड़की के साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में लड़की इस हरकत का लगातार विरोध करती दिख रही है, लेकिन इसके बावजूद युवक नहीं माने। आरोप है कि उन्होंने लड़की से बार-बार उसका पता पूछा और जब उसने साथ आए युवक को अपना भाई बताया, तो उसके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरा वाकया मोबाइल में कैद कर लिया, जो बाद में वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने जांच के आदेश दिए और थाने को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया। पुलिस का कहना है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
इसे भी पढ़े – हेमंत के तूफान पर क्या गजेन्द्र कस पाएंगे लगाम ?
