Wednesday, September 9

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता और रामगढ़ से पूर्व विधायक प्रत्याशी पनेश्वर कुमार महतो हजारीबाग के कन्हरी हिल के आसपास मिले हैं। सूचना मिलते ही उन्हें इलाज और स्वास्थ्य जांच के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उनका चिकित्सकीय परीक्षण जारी है। एहतियात के तौर पर अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जानकारी मिलते ही जेएलकेएम के पदाधिकारी और समर्थक बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए और उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।

मंगलवार रात करीब 10 बजे बाद से थे लापता

रामगढ़ के कैथा निवासी पनेश्वर कुमार महतो 1 सितंबर की रात करीब 10 बजे के बाद लापता हो गए थे, जिसके बाद समर्थकों ने रातभर उनकी तलाश की। पनेश्वर महतो ने बताया कि उस रात एक सफेद बोलेरो, जिस पर काला शीशा और पुलिस का बोर्ड लगा था, उसमें उन्हें जबरन बैठा लिया गया। बताया गया कि वाहन में सवार लोगों ने उनके ही मोबाइल से सहदेव महतो को फोन कर गोबरदरहा चौक आकर गाड़ी ले जाने को कहा था।

रातभर प्रताड़ित करने का आरोप

पनेश्वर महतो के मुताबिक शुरुआत में उन्हें लगा कि यह पुलिस की गाड़ी है और उन्हें जल्द छोड़ दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वाहन में सवार करीब पांच लोग उन्हें हजारीबाग ले गए, जहां आरोप है कि रातभर उन्हें प्रताड़ित और डराया-धमकाया गया। उनसे यह भी कहा गया कि पार्टी की गतिविधियों, खासकर कोयला-बालू से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रियता ठीक नहीं है।

जंगल में छोड़े जाने का दावा, स्थानीय लोगों से मांगी मदद

पनेश्वर महतो के अनुसार सुबह करीब 4:30 बजे उन्हें एक जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया, जिसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों से मदद मांगी। एक स्थानीय व्यक्ति ने उन्हें फोन दिया, जिसकी मदद से उन्होंने अपने सहयोगी आनंद केटियार को सूचना दी। इसके बाद समर्थकों की मदद से उन्हें हजारीबाग सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज और जांच जारी है।

इसे भी पढ़े –  गन लाइसेंस लेने की व्यवस्था बदली, अब नए तरीके से करना होगा आवेदन

 

 

Share.
Next Story
जमशेदपुर के कदमा में गैस कनेक्शन लगाते समय लगी आग, दो मजदूर बुरी तरह झुलसे
Exit mobile version