Saturday, November 21

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में छठ महापर्व की तैयारियों के बीच एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। पूजा के लिए तैयार किये जा रहे प्रसाद के पकवान को जूठा कर देने से नाराज एक मां ने अपनी ही चार साल की मासूम बेटी की बेरहमी से पिटाई कर दी। कुछ देर बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम ले गये, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव की है। पुलिस ने आरोपित मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृत बच्ची की पहचान वार्ड संख्या 12 निवासी राजू पासवान की चार वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। बताया गया कि छठ पूजा की तैयारी के तहत परिवार के सदस्य घर के पास घाट बनाने गये थे। घर पर रीना कुमारी पूजा के लिए पकवान तैयार कर रही थी। इसी दौरान छोटी बेटी सुहानी ने पकवान जूठा कर दिया। इस बात से नाराज होकर रीना ने बच्ची की पिटाई कर दी।

बेटी को लेकर अस्पताल पहुंची मां, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

पिटाई के कुछ समय बाद सुहानी की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद मां ही उसे लेकर एक निजी नर्सिंग होम पहुंची। वहां चिकित्सकों ने बच्ची की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। जिस घर में छठ महापर्व की तैयारियां चल रही थीं, बेटी की मौत के बाद वहां चीख-पुकार मच गई।

चार साल की बेटी को खोने के बाद पिता राजू पासवान का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पत्नी को कठोर सजा दिलाने की मांग की है। दुखी पिता ने कहा कि ऐसी पूजा का क्या फायदा, जब उनकी बेटी ही इस दुनिया में नहीं रही। उन्होंने यह भी कहा कि अब उन्हें ऐसी पत्नी की जरूरत नहीं है और वह अपने बच्चों का पालन-पोषण अकेले कर लेंगे।

राजू पासवान के तीन बच्चे हैं। इनमें सात वर्षीय बेटी शिवानी, चार वर्षीय सुहानी और डेढ़ वर्षीय बेटा राजा कुमार शामिल हैं। सुहानी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने मां को किया गिरफ्तार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की जानकारी मिलने पर पूसा थानाध्यक्ष रमेश कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मोहम्मदपुर बिरौली गांव में चार वर्षीय बच्ची की मौत की सूचना मिली थी। मामले में आरोपित मां को हिरासत में लिया गया है और पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बच्ची की मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस घटना ने छठ पर्व की खुशियों को मातम में बदल दिया है।

Share.
Next Story
रांची यूनिवर्सिटी के 5 वोकेशनल कोर्स में 20 से कम नामांकन, 57 विद्यार्थियों के दाखिले पर संशय
Exit mobile version