भूमि अधिग्रहण के अभिलेख जुटाने का निर्देश, गिफ्ट डीड से मिली जमीनों को भी अतिक्रमणमुक्त कराने पर जोर
रांची। शहर के सुनियोजित विकास और बेहतर शहरी प्रबंधन को लेकर नगर निगम ने अधिग्रहित जमीनों का ब्योरा जुटाने की पहल की है। इस संबंध में नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में भू-संपदा शाखा और डीसीएलआर के साथ बैठक हुई। बैठक में नगर आयुक्त ने विभिन्न विकास कार्यों और प्रयोजनों के लिए अब तक अधिग्रहित की गई जमीनों का पूरा विवरण नगर निगम को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों से भूमि अधिग्रहण से संबंधित सभी अभिलेख जुटाने को कहा, ताकि जमीनों की वर्तमान स्थिति, उपलब्धता और उपयोगिता का आकलन किया जा सके।
प्रतिबंधित जमीनों की सूची मांगी
बैठक के दौरान यह बात सामने आई कि नगर निगम के पास खरीद-बिक्री पर प्रतिबंधित जमीनों की अद्यतन सूची उपलब्ध नहीं है। इस पर नगर आयुक्त ने एलआरडीसी को ऐसी सभी जमीनों की सूची नगर निगम को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इससे प्रतिबंधित भूमि से संबंधित जानकारी निगम के रिकॉर्ड में उपलब्ध हो सकेगी।
अधिग्रहित जमीनों को अतिक्रमणमुक्त कराने की तैयारी
नगर आयुक्त ने नगर निगम द्वारा अधिग्रहित और गिफ्ट डीड के माध्यम से प्राप्त जमीनों को चिह्नित कर अतिक्रमणमुक्त कराने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित जमीनों के दस्तावेज जुटाने और उनकी मौजूदा स्थिति की जानकारी लेने का निर्देश दिया। जमीनों का पूरा रिकॉर्ड तैयार होने के बाद उनके समुचित उपयोग और संरक्षण की दिशा में आगे की कार्रवाई की जा सकेगी।
