जेल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रशासन का फैसला, अलग-अलग जेलों में रखे जाएंगे गिरोह से जुड़े बंदी
धनबाद। धनबाद मंडल कारा में बंद प्रिंस खान गिरोह से जुड़े 12 बंदियों को राज्य की अलग-अलग जेलों में स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है। इनमें कुख्यात अपराधी बंटी खान उर्फ जियाउल खान भी शामिल है। जेल प्रशासन ने सभी बंदियों को दूसरी जेलों में भेजने के लिए अदालत से अनुमति मांगी है।
प्रस्ताव के मुताबिक, प्रिंस खान के भाई बंटी खान को हजारीबाग स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा में शिफ्ट किया जा सकता है। वहीं, गिरोह के अन्य 11 सदस्यों को भी राज्य की अलग-अलग जेलों में भेजने की योजना है।
जेल प्रशासन का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य जेल के भीतर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। बताया जा रहा है कि धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह के सक्रिय अपराधियों को एक ही जेल में रखने के बजाय अलग-अलग जेलों में स्थानांतरित करने की अनुशंसा की थी। इस प्रस्ताव को जेल आईजी की स्वीकृति भी मिल चुकी है। अब अदालत की अनुमति मिलने के बाद स्थानांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
