Saturday, November 21

नई दिल्ली: अगर आप नया स्मार्टफोन लेने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए है। मार्केट रिसर्च फर्म काउंटरपॉइंट रिसर्च की नई रिपोर्ट के मुताबिक 2026 के आखिर तक प्रीमियम फ्लैगशिप स्मार्टफोन की कीमतें 2025 के मुकाबले 30% से ज्यादा बढ़ सकती हैं। ज्यादातर ब्रांड्स के टॉप मॉडल ₹1 लाख से ऊपर पहुंच सकते हैं। रिपोर्ट कहती है कि कुछ साल पहले तक ₹1 लाख का फोन भारत में दुर्लभ था, लेकिन अब यह कीमत आम होती जा रही है।

वजह है AI

फोन की कीमत बढ़ने की सबसे बड़ी वजह है मेमोरी चिप्स का महंगा होना। फोन में दो तरह की मेमोरी होती है:
• DRAM (रैम): जिससे फोन तेजी से काम करता है।
• NAND (स्टोरेज): जिसमें फोटो, वीडियो और ऐप सेव होते हैं। दुनिया भर में बन रहे AI डेटा सेंटरों को भारी मात्रा में मेमोरी चाहिए। चिप बनाने वाली कंपनियां आपूर्ति उधर भेज रही हैं, जिससे फोन बनाने वाली कंपनियों के लिए मेमोरी महंगी हो गई है। काउंटरपॉइंट के रिसर्च डायरेक्टर तरुण पाठक के मुताबिक 2025 की शुरुआत में फोन बनाने की कुल लागत में मेमोरी का हिस्सा करीब 13% था, जो अब 40% से ज्यादा हो गया है। इसी वजह से कंपनियां अपने फोन के फीचर और कीमतों पर दोबारा सोच रही हैं।

बाजार पर असर दिखने लगा

रिसर्च फर्मों के आंकड़ों के मुताबिक जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में भारत में स्मार्टफोन की बिक्री पिछले साल के मुकाबले 20 से 23% तक घटी। वहीं फोन की औसत कीमत रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। यानी लोग कम फोन खरीद रहे हैं, और जो खरीद रहे हैं, उन्हें ज्यादा पैसे देने पड़ रहे हैं।

क्या सस्ते फोन भी महंगे होंगे?

काउंटरपॉइंट की ताजा रिपोर्ट प्रीमियम फ्लैगशिप फोन के बारे में है। लेकिन मेमोरी हर फोन में लगती है, इसलिए बजट और मिड-रेंज फोन पर भी दबाव है। कई कंपनियां कीमत न बढ़ाकर रैम या स्टोरेज कम कर सकती हैं, या कुछ फीचर हटा सकती हैं। इसलिए नया फोन लेते समय सिर्फ कीमत नहीं, स्पेसिफिकेशन भी ध्यान से देखें।

फोन अभी खरीदें या इंतजार करें?

• जरूरत है तो इंतजार न करें: अगर पुराना फोन खराब है, तो कीमतें घटने की उम्मीद में इंतजार करने का फायदा कम दिख रहा है।
• रैम और स्टोरेज की तुलना करें: पुराने और नए मॉडल में कीमत के साथ रैम-स्टोरेज भी मिलाएं।
• पिछले साल का मॉडल अच्छा विकल्प: नया मॉडल आने पर पुराने फ्लैगशिप के दाम अक्सर घटते हैं, और वे कई साल अच्छा चलते हैं।
• सर्टिफाइड रिफर्बिश्ड फोन: भरोसेमंद विक्रेता से वारंटी के साथ लें।
• अपडेट की गारंटी देखें: जिस फोन को ज्यादा साल तक सॉफ्टवेयर अपडेट मिलेंगे, वह लंबे समय तक काम आएगा।
• EMI में कुल रकम जोड़ें: “नो-कॉस्ट EMI” में भी प्रोसेसिंग फीस छिपी हो सकती है।
• पुराना फोन संभालें: नई बैटरी या स्टोरेज साफ करने से पुराना फोन कुछ और साल चल सकता है।

AI की दौड़ ने आम आदमी के हाथ का फोन भी महंगा कर दिया है। ऐसे में सबसे समझदारी भरा कदम यही है कि जरूरत के हिसाब से फोन चुनें, ट्रेंड के हिसाब से नहीं।

Share.
Next Story
बर्ड फ्लू से मुर्गियों को बचाएगा देसी टीका: सिर्फ ₹1-2 प्रति डोज, जानिए क्या चिकन-अंडा खाना सुरक्षित है
Exit mobile version