धनबाद। कोयला खनन और लगातार विस्थापन की मार झेल रहे झरिया के लोगों को मतदाता सूची में जगह दिलाने में निर्वाचन तंत्र की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है. जरूरी दस्तावेज होने के बावजूद पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची से गायब हैं, तो 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके युवाओं को नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 तक नहीं दिया गया. शुक्रवार को झरिया के तीन मतदान केंद्रों के निरीक्षण में इन खामियों का खुलासा हुआ. इस पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिया कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए.
तीन मतदान केंद्रों का लिया जायजा
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने भेदाकाटा स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, इंडस्ट्री कोलियरी मध्य विद्यालय और विक्ट्री प्राथमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. उन्होंने विस्थापित परिवारों के साथ वर्तमान में रह रहे लोगों के मतदाता सत्यापन की स्थिति की जानकारी ली. साथ ही बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर किये जा रहे सर्वे और दस्तावेज संग्रह की भी समीक्षा की.
18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं को नहीं मिला फॉर्म-6
निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आयीं. पाया गया कि कई पात्र मतदाताओं के पास जरूरी दस्तावेज होने के बावजूद सत्यापन के दौरान उनसे दस्तावेज नहीं लिये गये. वहीं, दस्तावेजों की कमी वाले मामलों में सुनवाई की प्रक्रिया भी पूरी नहीं की गयी. एक अक्तूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भी उपलब्ध नहीं कराया गया था. इस पर के. रवि कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सत्यापन की प्रक्रिया गंभीरता से पूरी करें. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का संवैधानिक अधिकार है. किसी भी अधिकारी की लापरवाही या कागजी खानापूर्ति के कारण कोई पात्र व्यक्ति इस अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए.
बीएलए-2 से मांगा सहयोग
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के बीएलए-2 से भी मुलाकात कर मतदाता सूची से छूटे लोगों को जोड़ने में सहयोग मांगा. स्थानीय निवासियों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के प्रति जागरूक किया. निरीक्षण के दौरान धनबाद के उप निर्वाचन पदाधिकारी, झरिया के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर और संबंधित बूथों के बीएलओ मौजूद थे.
