Saturday, October 24

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में गुरुवार से तीरंदाजी का रोमांच देखने को मिलेगा। खेलगांव परिसर, होटवार में 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 22 से 26 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी झारखंड पुलिस कर रही है। इसमें देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के तीरंदाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

28 टीमें, 432 प्रतिभागी होंगे शामिल

प्रतियोगिता में मेजबान झारखंड समेत कुल 28 टीमों की भागीदारी प्रस्तावित है। खिलाड़ियों और अन्य अधिकारियों को मिलाकर कुल 432 सदस्य इस आयोजन का हिस्सा होंगे। इसमें विभिन्न राज्यों की पुलिस इकाइयों के साथ आईटीबीपी, बीएसएफ, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, आरपीएफ, एसएसबी और असम राइफल्स जैसी सुरक्षा एजेंसियों की टीमें भी शामिल हैं।

राज्य पुलिस की भागीदारी में कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, मणिपुर, छत्तीसगढ़, राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, जम्मू-कश्मीर और बिहार सहित अन्य इकाइयां शामिल हैं।

19 अक्टूबर से रांची पहुंच रहीं टीमें

प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के रांची पहुंचने का सिलसिला 19 अक्टूबर से शुरू हो गया है। उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार, 19 अक्टूबर को कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, असम राइफल्स, केरल, हरियाणा और एसएसबी की टीमें रांची पहुंचीं।

20 अक्टूबर को मणिपुर, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, आईटीबीपी, उत्तर प्रदेश, बीएसएफ, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, राजस्थान, असम पुलिस, महाराष्ट्र, सीआईएसएफ और सीआरपीएफ की टीमों के रांची और हटिया रेलवे स्टेशनों सहित अन्य माध्यमों से पहुंचने की जानकारी दी गई है।

वहीं, 21 अक्टूबर को पांच अन्य टीमों के पहुंचने का कार्यक्रम था। बिहार और नागालैंड की टीमों के टिकट कन्फर्म नहीं होने की जानकारी के कारण आगमन कार्यक्रम में बदलाव की संभावना भी जताई गई थी।

खेलगांव में पांच दिनों तक दिखेगा तीरंदाजी का दम

22 से 26 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों और केंद्रीय सुरक्षा बलों के तीरंदाज अपनी निशानेबाजी और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। रांची में इस राष्ट्रीय आयोजन से पुलिस खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिलेगा। साथ ही, राजधानी को राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर भी मिलेगा।

झारखंड पुलिस की मेजबानी में आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता पर खेल प्रेमियों की नजर रहेगी। पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ विभिन्न टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।

इसे भी पढ़े – झारखंड ने जीता नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट का खिताब

Share.
Next Story
राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में झारखंड का खाता खुला, आदित्य रंजन ने वुशु में जीता कांस्य पदक
Exit mobile version