Wednesday, October 14

धनबाद: झारखंड के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। धनबाद से कोयंबटूर के बीच जल्द नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने जा रही है। रेलवे बोर्ड ने धनबाद डिवीजन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। नई ट्रेन शुरू होने से झारखंड के कोयलांचल और संथाल परगना के यात्रियों को दक्षिण भारत की यात्रा में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

नॉन-एसी श्रेणी की इस अमृत भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ अपेक्षाकृत कम किराए में लंबी दूरी की यात्रा का विकल्प मिलेगा। ट्रेन दोनों दिशाओं में सप्ताह में एक-एक दिन चलेगी। रेलवे बोर्ड ने संबंधित विभागों को ट्रेन का परिचालन जल्द शुरू करने की तैयारी करने का निर्देश दिया है।

शनिवार को धनबाद से खुलेगी ट्रेन

नई ट्रेन का नंबर 22363 धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस होगा। यह ट्रेन हर शनिवार शाम 4:10 बजे धनबाद से रवाना होकर सोमवार शाम 6:30 बजे कोयंबटूर पहुंचेगी।

वहीं वापसी में 22364 कोयंबटूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस हर मंगलवार सुबह 7:50 बजे कोयंबटूर से खुलेगी और गुरुवार दोपहर 1 बजे धनबाद पहुंचेगी।

गोमो से लेकर काटपाड़ी तक होंगे कई प्रमुख ठहराव

धनबाद से रवाना होने के बाद ट्रेन गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड, कोडरमा और गया होते हुए आगे बढ़ेगी। इसके बाद इसका मार्ग अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी-ऑन-सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज छिवकी, सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, बैतूल, नागपुर और चंद्रपुर से होकर गुजरेगा।

आगे ट्रेन बल्हारशाह, सिरपुर कागजनगर, मंचेरियाल, पेद्दापल्ली, वारंगल, महबूबाबाद, खम्मम, विजयवाड़ा, ओंगोल, नेल्लोर, गुंटूर, रेनिगुंटा, तिरुत्तानी, काटपाड़ी, जोलारपेट्टई, सलेम, इरोड और तिरुप्पुर होते हुए कोयंबटूर पहुंचेगी।

मजदूरों और मरीजों को खास फायदा

धनबाद और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार और इलाज के लिए दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों का रुख करते हैं। ऐसे में इस ट्रेन के शुरू होने से प्रवासी मजदूरों, मरीजों और अन्य यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

ट्रेन के काटपाड़ी तक जाने से एलेप्पी एक्सप्रेस पर भी यात्रियों का दबाव कम होने की उम्मीद है। वहीं धनबाद के अलावा कोयलांचल के दूसरे जिलों और संथाल परगना के लोगों के लिए भी दक्षिण भारत जाने का एक और विकल्प उपलब्ध होगा।

सांसद ढुलू महतो ने जताया पीएम और रेल मंत्री का आभार

धनबाद सांसद ढुलू महतो ने बताया कि उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर धनबाद से नई ट्रेनों की मांग की थी। उन्होंने कहा कि धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू होने से धनबाद और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दक्षिण भारत जाने में सुविधा होगी।

सांसद ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल मंत्रालय के अधिकारियों के प्रति आभार जताया है।

कतरास और चंद्रपुरा में टाटा-गोड्डा एक्सप्रेस का अस्थायी ठहराव

इसी बीच श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 18185 टाटानगर-गोड्डा एक्सप्रेस को कतरासगढ़ और चंद्रपुरा स्टेशन पर अस्थायी ठहराव भी दिया गया है। यह ठहराव 17 से 28 अगस्त तक निर्धारित किया गया था।

टाटानगर-गोड्डा एक्सप्रेस शाम 6:03 बजे चंद्रपुरा और 6:36 बजे कतरासगढ़ पहुंचेगी। दोनों स्टेशनों पर ट्रेन का दो-दो मिनट का ठहराव होगा। हालांकि वापसी में गोड्डा-टाटानगर एक्सप्रेस कतरासगढ़ और चंद्रपुरा स्टेशन पर नहीं रुकेगी।

इसे भी पढ़े – आज से शुरू हुई रिम्स में MBBS की 250 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया

Share.
Next Story
नगड़ी EVM वेयरहाउस का डीसी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और CCTV व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश
Exit mobile version