Sunday, November 29

राष्ट्र धर्म रक्षा मंच की कोर कमेटी ने लिया निर्णय, ब्राह्मण धर्मशाला में होगा आयोजन; संविधान के मूल उद्देश्यों और संशोधनों पर रखे जायेंगे विचार

संविधान के मूल स्वरूप, समान अधिकार और आरक्षण की व्यवस्था को लेकर राष्ट्र धर्म रक्षा मंच छह दिसंबर को रांची में ‘मूल संविधान सम्मान सम्मेलन’ आयोजित करेगा. रविवार को मोरहाबादी में मंच की कोर कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया. सम्मेलन ब्राह्मण धर्मशाला में आयोजित होगा. मंच का दावा है कि छह दिसंबर 1946 को संविधान सभा का गठन हुआ था. इसी अवसर को ध्यान में रखते हुए सम्मेलन आयोजित करने की तैयारी की जा रही है.

मंच के अध्यक्ष अमृतेश पाठक ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने मूल संविधान में देश के सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार और अवसर की व्यवस्था की थी. साथ ही सामाजिक और आर्थिक रूप से अत्यंत पिछड़े वर्गों को 10 वर्षों तक आरक्षण देकर समाज की मुख्यधारा में लाने का प्रावधान किया गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में राजनीतिक दलों ने जातिगत समीकरण और वोट बैंक की राजनीति के लिए आरक्षण का दायरा बढ़ाया तथा संविधान में संशोधनों के जरिये उसकी मूल भावना से छेड़छाड़ की.

एससी-एसटी और यूजीसी के प्रावधानों पर भी उठाये सवाल:

अमृतेश पाठक ने एससी-एसटी अत्याचार निवारण कानून और यूजीसी से जुड़े प्रावधानों पर भी सवाल उठाये. उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे प्रावधानों से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच विभाजन की स्थिति पैदा हुई है. हालांकि, ये मंच के अध्यक्ष के व्यक्तिगत विचार और आरोप हैं.

मूल संविधान के उद्देश्यों से अवगत कराने का लक्ष्य:

मंच के अनुसार, छह दिसंबर को आयोजित सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को संविधान निर्माताओं की मूल भावना और संविधान के उद्देश्यों से अवगत कराना है. साथ ही राजनीतिक दलों की कथित जातिगत और विभाजनकारी राजनीति को सामने लाना है. बैठक में सम्मेलन की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई.

बैठक में ये लोग थे शामिल:

बैठक में सुमित दूबे, ब्रजेश सिंह, देव प्रकाश, अमरेन्द्र दत्त द्विवेदी, रेणुका तिवारी, मिथिलेश शुक्ला, डॉ वेंकटेश कात्यायन पांडे, प्रवीण ओझा, विनय सिंह, नीलम चौबे और प्रशांत पांडे समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे.

Share.
Next Story
रांची में तीन दिवसीय घोष शिविर का समापन
Exit mobile version