Wednesday, October 14

टंडवा: चतरा के टंडवा थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। उड़सू गांव स्थित सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय को निशाना बनाकर बाइक सवार चार नकाबपोश अपराधियों ने करीब आठ राउंड हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर चार अपराधी दोपहर करीब 2:25 बजे कार्यालय के पास पहुंचे। इसके बाद अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी टंडवा की ओर फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि जिस भवन में कंपनी का कार्यालय संचालित होता है, वह स्थानीय निवासी जीवन दास का है। भवन के एक हिस्से में उनके परिवार के सदस्य रहते हैं, जबकि दूसरे हिस्से में पिछले करीब तीन-चार वर्षों से सुशी इंफ्रा का कार्यालय संचालित हो रहा है। इसी कार्यालय से चंद्रगुप्त कोल परियोजना के उत्खनन कार्य से संबंधित गतिविधियां संचालित की जाती हैं।

फायरिंग की सूचना मिलते ही टंडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से करीब 7 से 8 खोखे बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।

दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

इसे भी पढ़े – जैन समाज की मांगों पर अल्पसंख्यक आयोग गंभीर, सम्मेद शिखरजी की पवित्रता समेत कई मुद्दों पर चर्चा

Share.
Next Story
500 से अधिक श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भव्य रूप से संपन्न हुआ श्याम अखंड ज्योति पाठ
Exit mobile version