Thursday, October 15

रांची। पत्र सूचना कार्यालय (PIB), रांची के तत्वावधान में आयोजित ‘प्रेस टूर टू केरलम’ के लिए झारखंड के 12 मीडियाकर्मियों का दल रविवार को केरलम राज्य के लिए रवाना हुआ। पांच दिवसीय यह प्रेस टूर 31 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के आयोजन और समन्वय की जिम्मेदारी क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी गौरव कुमार पुष्कर और प्रिंस कुमार संभाल रहे हैं।

इस प्रेस टूर का उद्देश्य झारखंड के पत्रकारों को केरलम में स्थित भारत सरकार के विभिन्न संस्थानों और लोक उपक्रमों की कार्यप्रणाली से रूबरू कराना है। इसके साथ ही पत्रकारों को राज्य के उन्नत बुनियादी ढांचे, पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन, ऐतिहासिक धरोहरों और राष्ट्रीय महत्व के वैज्ञानिक संस्थानों की जमीनी जानकारी भी दी जाएगी।

दौरे की शुरुआत 31 अगस्त को कोच्चि से होगी। यहां पत्रकारों का दल भारत की पहली आधुनिक ‘कोच्चि वाटर मेट्रो’ प्रणाली का अवलोकन करेगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल बहुसांस्कृतिक इतिहास के लिए प्रसिद्ध फोर्ट कोच्चि और मसालों के व्यापार के ऐतिहासिक केंद्र मट्टनचेरी का भ्रमण करेगा।

1 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल कोट्टायम स्थित रबर बोर्ड के राष्ट्रीय मुख्यालय का दौरा करेगा। यहां पत्रकारों को केरल की रबर अर्थव्यवस्था और इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। इसके बाद दल कुमारकोम और वेम्बनाड झील क्षेत्र में इको-टूरिज्म के विकास मॉडल का अध्ययन करेगा।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल तिरुवनंतपुरम पहुंचेगा। 2 सितंबर को पत्रकारों की मुलाकात PIB के अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) और केरल के राज्यपाल से प्रस्तावित है। इसी दिन प्रतिनिधिमंडल ऐतिहासिक श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर के दर्शन भी करेगा।

3 सितंबर को प्रेस टूर के दौरान पत्रकारों का दल CSIR-NIIST और SCTIMST जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थानों का भ्रमण करेगा। यहां चिकित्सा, अनुसंधान और तकनीकी विकास के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की जानकारी पत्रकारों को दी जाएगी।

दौरे के अंतिम दिन 4 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल बहुचर्चित विझिंजम प्राकृतिक गहरे पानी वाले बंदरगाह (Vizhinjam Port) का अवलोकन करेगा। इसके अलावा पत्रकारों को विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (VSSC) का दौरा भी कराया जाएगा, जहां उन्हें भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम और अनुसंधान से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिलेगी।

PIB रांची के इस प्रेस टूर के माध्यम से झारखंड के मीडियाकर्मियों को केरलम के विकास मॉडल, आधुनिक परिवहन व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन, वैज्ञानिक अनुसंधान और रणनीतिक बुनियादी ढांचे को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। दौरे से प्राप्त अनुभवों और जानकारी के माध्यम से पत्रकार इन क्षेत्रों से जुड़ी गतिविधियों और उपलब्धियों को झारखंड के लोगों तक पहुंचा सकेंगे।

Share.
Next Story
कहीं जमीन धंस रही तो कहीं पड़ रही है घरों में दरारें… धनबाद में भू-धसान रुकने का नाम नहीं
Exit mobile version