रांची, 10 अगस्त: झारखंड में पिकलबॉल को बढ़ावा देने और राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को रांची स्थित एसोसिएशन कार्यालय में सचिव प्रभात कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में आगामी झारखंड स्टेट पिकलबॉल चैंपियनशिप 2026 के आयोजन और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के चयन को लेकर रणनीति तैयार की गई।
19-20 सितंबर को खेलगांव में होगी चैंपियनशिप
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 19 एवं 20 सितंबर 2026 को रांची के मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खेलगांव में झारखंड स्टेट पिकलबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
इस प्रतियोगिता की खास अहमियत इसलिए भी है क्योंकि 2 से 4 अक्टूबर 2026 तक कोच्चि, केरल में आयोजित होने वाली नेशनल पिकलबॉल चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम के खिलाड़ियों का चयन इसी स्टेट चैंपियनशिप में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
प्रदर्शन के आधार पर होगा खिलाड़ियों का चयन
एसोसिएशन के सचिव एवं टूर्नामेंट डायरेक्टर प्रभात कुमार ने कहा कि स्टेट चैंपियनशिप केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि झारखंड के प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष रखा जाएगा।
आयोजन के लिए बनीं अलग-अलग समितियां
चैंपियनशिप को व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए बैठक में विभिन्न समितियों का गठन किया गया। प्रभात कुमार को टूर्नामेंट डायरेक्टर और संजय पांडे को ऑर्गेनाइजिंग कमिटी का अध्यक्ष बनाया गया। कमिटी में ऋषि कुमार और गौरव कुमार को शामिल किया गया है। विभिन्न जिलों के बीच समन्वय के लिए प्रभात कुमार, मनोज तिवारी और बी. सुधीर को समन्वय समिति की जिम्मेदारी दी गई है।
रजिस्ट्रेशन की जिम्मेदारी सुमित कुमार और धीरेश प्रतीक को सौंपी गई है। तकनीकी समिति में धीरेश प्रतीक को तकनीकी हेड और सुमित कुमार को सदस्य बनाया गया है।
मीडिया से लेकर कोर्ट मैनेजमेंट तक जिम्मेदारियां तय
प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार और मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी दिवाकर दुबे, दिनेश केडिया और मनोज तिवारी को दी गई है।
प्रायोजन एवं सहयोग जुटाने के लिए प्रियरंजन जी, सुविर सिन्हा और सुमित कुमार को स्पांसरशिप प्रभारी बनाया गया है। वहीं कोर्ट मैनेजमेंट की जिम्मेदारी भरत सर और सुरजीत सिंह को सौंपी गई है।
वित्तीय व्यवस्था के लिए सुविर सिन्हा, संजय पांडे और योगेश जी फाइनेंस कमिटी में रहेंगे।
कई जिलों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
बैठक में झारखंड के विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। धनबाद से बी. सुधीर, बोकारो से कौशल सिंह और खरसावां से सुरजीत सिंह उपस्थित रहे।
रांची से संजय पांडे, मनोज तिवारी, योगेश जी, सुमित कुमार, धीरेश प्रतीक, रुपेश कुमार और भरत सर ने बैठक में भाग लिया।
एसोसिएशन ने राज्य के सभी जिलों के खिलाड़ियों, अभिभावकों, तकनीकी अधिकारियों और खेलप्रेमियों से प्रतियोगिता में सक्रिय सहयोग और भागीदारी की अपील की है। एसोसिएशन का लक्ष्य स्टेट चैंपियनशिप को भव्य और व्यवस्थित तरीके से आयोजित कर झारखंड के पिकलबॉल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है।
इसे भी पढ़े – SBU-CISF में हुआ अहम करार, साइबर सुरक्षा और महत्वपूर्ण सूचना अवसंरचना पर शुरू हुआ 5 दिवसीय प्रशिक्षण
