रांची: धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ कथित अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज, धमकी और थाने में तोड़फोड़ के मामले में डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। झारखंड पुलिस एसोसिएशन की रांची जिला शाखा ने विधायक और उनके समर्थकों की पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी की मांग की है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि तय समयसीमा में कार्रवाई नहीं होने पर आगे कड़ा रुख अपनाया जाएगा।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता में बताया कि 21 अगस्त की रात विधायक जयराम महतो ने अपने मोबाइल नंबर से बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को व्हाट्सएप कॉल किया था। एसोसिएशन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, कॉल के दौरान विधायक पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने और थाना प्रभारी को धमकी देने का आरोप है। आरोप है कि विधायक ने कहा कि सरकार बदलने के बाद वह जिस थाने में रहेंगे, उन्हें खोजकर नौकरी बर्बाद कर देंगे और ऑफ ड्यूटी रहने पर सबक सिखाएंगे।
थाने पहुंचकर तोड़फोड़ का भी आरोप
एसोसिएशन के मुताबिक, उसी रात विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे। आरोप है कि थाना प्रभारी के कक्ष में फिर से अभद्र व्यवहार किया गया और टेबल पर रखे सामान को तितर-बितर करने के साथ नाम नेम प्लेट भी तोड़ दी गई।
मामले को लेकर बरवाअड्डा थाना में कांड संख्या 146/26, दिनांक 22 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी BNS की धारा 221, 224, 132, 351(2), 352 और 3(5) के तहत दर्ज होने की बात एसोसिएशन ने कही है।
पुलिस की गरिमा का मुद्दा उठाया
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि विधायक की ओर से सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से पुलिसकर्मियों के खिलाफ तथ्यहीन बयानबाजी और अमर्यादित भाषा वाले वीडियो लगातार जारी किए जा रहे हैं। एसोसिएशन का कहना है कि संवैधानिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधि का इस तरह का आचरण वर्दीधारियों के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंचाता है।
एसोसिएशन की रांची जिला शाखा ने केंद्रीय कार्यालय की ओर से विधायक और अन्य आरोपियों की पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी की मांग का समर्थन किया है। साथ ही पुलिस प्रशासन से मामले में कानूनी प्रक्रिया जल्द पूरी कर ठोस कार्रवाई करने की मांग की गई है।
इसे भी पढ़े – प्रिंस खान के नेटवर्क में ‘पाकिस्तान एंगल’! NIA पहुंची धनबाद, विदेश कनेक्शन की भी पड़ताल
