हथियार बरामदगी के दौरान पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनकर भागने और फायरिंग करने का आरोप, जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में लगी गोली
जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव इलाके में बुधवार देर रात पुलिस और बिंदल मॉल रेस्टोरेंट फायरिंग कांड के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी मोहन यादव और अजीत मंडल के पैर में गोली लगी। दोनों को घायल अवस्था में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, बिंदल मॉल स्थित रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी के मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उन्होंने हथियार छिपाकर रखने की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस टीम दोनों को हथियार बरामद करने के लिए सोनारी के मरीन ड्राइव स्थित जंगल इलाके में लेकर पहुंची थी।
पुलिस का कहना है कि हथियार बरामदगी के दौरान दोनों आरोपियों ने एक पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनने की कोशिश की और वहां से भागने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की ओर से तीन राउंड फायरिंग की गई, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
जवाबी फायरिंग में मोहन यादव और अजीत मंडल के पैर में एक-एक गोली लगी। दोनों के घायल होने के बाद पुलिस टीम ने उन्हें मौके से हिरासत में लिया और तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का उपचार चल रहा है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छिपाकर रखा गया हथियार भी बरामद किया है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मरीन ड्राइव और आसपास के इलाके में सर्च अभियान चलाया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग की घटना में इस्तेमाल हथियार कहां से आया था और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की कोई भूमिका है या नहीं।
फिलहाल दोनों आरोपियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
