रांची: राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें GEL चर्च कॉम्प्लेक्स स्थित बाटा दुकान के एसी से तांबे का तार चोरी करने का आरोपी मो. आसिफ उर्फ नेपाली और चोरी के मामले में वांछित वारंटी मो. मुस्तफा उर्फ मिस्टर शामिल हैं। पुलिस ने आसिफ के पास से 1.6 किलो कॉपर वायर के साथ एक इन्वर्टर और एक बैटरी भी बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जीईएल चर्च कॉम्प्लेक्स स्थित बाटा दुकान के एसी से कॉपर वायर चोरी होने की शिकायत पर 28 अक्टूबर 2026 को लोअर बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर 25 वर्षीय मो. आसिफ उर्फ नेपाली को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसके पास से कॉपर वायर समेत अन्य सामान बरामद किया।
आसिफ पर पहले से चार मामले
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार मो. आसिफ के खिलाफ हिंदपीढ़ी और लोअर बाजार थाना क्षेत्रों में चोरी सहित अन्य आरोपों में पहले से चार मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2021 और 2024 के मामले भी शामिल हैं।
चोरी के मामले में वारंटी गिरफ्तार
वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने 32 वर्षीय मो. मुस्तफा उर्फ मिस्टर को गिरफ्तार किया। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर 27 और 28 अक्टूबर को चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान उसे पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, मुस्तफा जीआर संख्या 367/2023 और लोअर बाजार थाना कांड संख्या 248/2022 से जुड़े चोरी के मामले में वांछित वारंटी था।
पुलिस दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


