हजारीबाग: संगठित अपराध और अवैध हथियारों से जुड़े मामलों में जमानत पर जेल से बाहर आए आरोपियों पर हजारीबाग पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर ऐसे 107 अभियुक्तों का भौतिक सत्यापन किया गया। इस दौरान 18 संदिग्ध अभियुक्तों को थाने लाकर पीआर बॉन्ड (PR Bond) पर छोड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, यह विशेष अभियान 24 और 25 नवंबर 2026 को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चलाया गया। इसका उद्देश्य पूर्व में संगठित अपराध और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामलों में गिरफ्तार होकर न्यायालय से जमानत पर रिहा हुए अभियुक्तों की वर्तमान गतिविधियों का पता लगाना था।
44 टीमों में 179 पुलिसकर्मी शामिल
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिले के सभी थाना प्रभारियों की मौजूदगी में कुल 44 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में 179 पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।
गठित टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पहुंचकर जमानत पर बाहर आए अभियुक्तों का भौतिक सत्यापन किया और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इस दौरान कुल 107 अभियुक्तों का सत्यापन किया गया। इनमें 18 संदिग्ध अभियुक्तों को थाने लाकर पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में शामिल रहे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आगे भी इसी तरह का अभियान चलाया जाएगा।
इसके साथ ही पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि उनके इलाके में यदि कोई व्यक्ति इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाया जाता है, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें। पुलिस सूचना का सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।


