Tuesday, November 24

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के मुख्य कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंगलवार को सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की सचिव और आयोजन-सह-समन्वय समिति की अध्यक्ष पूजा सिंघल ने अधिकारियों के साथ स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

पूजा सिंघल ने अधिकारियों से कहा कि मुख्य समारोह का आयोजन व्यवस्थित और भव्य तरीके से सुनिश्चित किया जाए। आम लोगों की सुविधा का ध्यान रखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियां पूरी करें, ताकि आयोजन में किसी तरह की कमी न रहे।

तीन थीम पर दिखेगी झारखंड के हर जिले की पहचान

स्थापना दिवस पखवाड़ा 17 से 27 नवंबर तक राज्यभर में मनाया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक जिले में तीन प्रमुख विषयों पर प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इनमें ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ के जरिए जिले के प्रमुख उत्पाद, ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन डेस्टिनेशन’ के तहत पर्यटन स्थलों और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन इकोनॉमिक एक्टिविटी’ के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

इन प्रदर्शनियों के जरिए झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन की संभावनाओं और स्थानीय आर्थिक क्षमता को सामने लाने की योजना है। विभाग की ओर से सभी उपायुक्तों को आकर्षक और जानकारीपूर्ण प्रदर्शनी लगाने का निर्देश दिया गया है। इसका उद्देश्य हर जिले की अलग पहचान को राज्यस्तर पर प्रदर्शित करना है।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीण विकास विभाग के मनोज कुमार, सूचना प्रौद्योगिकी निदेशक माधवी मिश्रा, रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा, झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह सहित आयोजन से जुड़े कई अधिकारी मौजूद रहे।

Share.
Next Story
चतरा में ऑपरेशन क्लीन के तहत बड़ी कार्रवाई, 5 लाख की अफीम के साथ 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार
Exit mobile version