रांची: आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने पांच राज्यों के लिए स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन कर दिया है। पार्टी की ओर से जारी सूची में झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर को मणिपुर स्क्रीनिंग कमेटी का सदस्य बनाया गया है। हालांकि, जिन पांच राज्यों के लिए कमेटियां गठित की गई हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने 16 नवंबर को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कमेटियों के गठन की जानकारी दी। कांग्रेस अध्यक्ष ने इन सभी कमेटियों के गठन को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दी है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर के लिए स्क्रीनिंग कमेटियां बनाई गई हैं।
किस राज्य में किसे मिली जिम्मेदारी?
उत्तर प्रदेश की स्क्रीनिंग कमेटी का चेयरपर्सन अजय माकन को बनाया गया है। असलम शेख और बीवी श्रीनिवास को सदस्य की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, पंजाब के लिए डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद चेयरपर्सन होंगे। सचिन सावंत और निवेदित अल्वा इस कमेटी के सदस्य बनाए गए हैं।
उत्तराखंड की कमेटी की कमान दीप दासमुंशी को सौंपी गई है। इसमें अनिल चौधरी और पाल भाई अंबालिया सदस्य होंगे। गोवा की स्क्रीनिंग कमेटी का चेयरपर्सन केजे जॉर्ज को बनाया गया है, जबकि सतीश डी पाटिल और शफी परांबिल सदस्य होंगे।
मणिपुर के लिए बीएम संदीप को स्क्रीनिंग कमेटी का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। इस कमेटी में हिबी ईडन के साथ झारखंड के राजेश ठाकुर को भी सदस्य बनाया गया है।
झारखंड को नहीं मिली स्क्रीनिंग कमेटी में जगह
पांच राज्यों की सूची में झारखंड का नाम शामिल नहीं होना भी राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में कांग्रेस गठबंधन सरकार का हिस्सा बनी थी। ऐसे में चुनावी तैयारियों के लिए गठित स्क्रीनिंग कमेटियों में झारखंड को जगह नहीं मिलने पर सवाल और चर्चा उठ सकती है। कमेटियों में संबंधित राज्यों के प्रभारी महासचिव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, विधायक दल के नेता और एआइसीसी सचिव पदेन सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे।


