राजधानी रांची के बिरसा चौक स्थित मामा नगर में बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। रेलवे की जमीन पर बने मकानों को हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम का बस्ती के लोगों ने विरोध किया।
महिलाओं से हुई झड़प, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
इस दौरान प्रशासन और महिलाओं के बीच झड़प हो गई। विरोध कर रही महिलाओं की ओर से प्रशासनिक टीम पर हमला किए जाने की बात भी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई।
10 बुलडोजर से मकान हटाने की कार्रवाई
अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम की ओर से मंगलवार को भी करीब 10 बुलडोजर मौके पर लगाए गए थे। कार्रवाई शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुटे रहे और प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध किया। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ाई गई।
वैकल्पिक जमीन और पुनर्वास की मांग
कार्रवाई का विरोध कर रही बस्ती बचाओ संघर्ष समिति का कहना है कि यहां लोग करीब 20 वर्षों से रह रहे हैं। समिति के अनुसार, यदि मकान तोड़े जाते हैं तो बड़ी संख्या में परिवारों के सामने रहने का संकट पैदा हो जाएगा। लोगों की मांग है कि मकान तोड़ने से पहले वैकल्पिक जमीन या पुनर्वास की व्यवस्था की जाए।
200 से अधिक मकान, परिवारों में मायूसी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मामा नगर इलाके में 200 से अधिक मकान बने हुए हैं। कार्रवाई के बाद कई परिवारों के सामने सिर छिपाने की जगह का संकट पैदा हो गया है। घर टूटने के बाद कई परिवारों के सदस्य रोते-बिलखते नजर आए। लंबे समय से रह रहे परिवारों का कहना है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के मकान हटाया जाना गंभीर समस्या पैदा कर सकता है।
इसे भी पढ़े: बोकारो में बच्चा चोरी की कोशिश नाकाम, महिला हिरासत में
