रांची। राजधानी के डोरंडा इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शुक्रवार शाम से लापता तीन वर्षीय अरनव कुमार का शव शनिवार सुबह कुम्हार टोली श्मशान घाट के पास स्थित नाले में मिला। मासूम की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल है। अरनव डोरंडा के चर्चित गिरीश चाट वाले का पोता था।
जानकारी के अनुसार, अरनव शुक्रवार शाम करीब 4 बजे से लापता था। काफी देर तक बच्चे के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने डोरंडा थाने को बच्चे के लापता होने की सूचना दी।
शनिवार सुबह कुम्हार टोली श्मशान घाट के पास नाले में बच्चे का शव मिलने की जानकारी मिली। सूचना पर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। शव मिलने की खबर सुनकर परिजन भी मौके पर पहुंचे।
खुले नाले में गिरने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बच्चे के घर के सामने खुला नाला है। आशंका जताई जा रही है कि खेलते समय अरनव वहां पहुंच गया होगा और नाले में गिर गया होगा। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
शुक्रवार शाम से जिस परिवार को अरनव के सुरक्षित मिलने की उम्मीद थी, उसे शनिवार सुबह उसकी मौत की खबर मिली। मासूम की असमय मौत ने डोरंडा के लोगों को भी गमगीन कर दिया है।
इसे भी पढ़े – निशा भगत की मौत के बाद पिता ने दर्ज कराई FIR, अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा पर लगाए मानसिक प्रताड़ना के आरोप
