दीपावली के अवसर पर साधना सिंह का लिखा तीसरा गीत ‘राम आए हैं’ हुआ रिलीज.
गाजियाबाद में दैनिक जागरण से शुरू किया था पत्रकारिता का सफर, रांची में रहकर कविता और गीत लेखन को दे रहीं समय
परिवार की जिम्मेदारियों के साथ अपनी रचनात्मक रुचि को समय देना आसान नहीं होता. रांची के दीपाटोली में रहने वाली साधना सिंह ने इसी संतुलन के बीच गीत और कविता लेखन की ओर कदम बढ़ाया है. गाजियाबाद में दैनिक जागरण से बतौर पत्रकार अपने करियर की शुरुआत करने वाली साधना अब गीतकार के रूप में पहचान बना रही हैं. दीपावली के अवसर पर उनका लिखा तीसरा गीत ‘राम आए हैं’ रिलीज हुआ है.
लेखन के प्रति साधना सिंह की बनी रही रुचि
साधना के मन में हमेशा से कुछ रचनात्मक करने की इच्छा रही. पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण पत्रकारिता का सफर आगे नहीं बढ़ सका, लेकिन लेखन के प्रति उनकी रुचि बनी रही। इसी क्रम में वह ऑनलाइन मंच इंक्वेल इनोवेटर्स जिसे सृष्टि शर्मा चलाती हैं, से जुड़ीं। यहां उन्होंने कविताओं का पाठ करना शुरू किया. धीरे-धीरे गीत लेखन की ओर भी उनकी रुचि बढ़ी. उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी अपने माता-पिता रविंद्र सिंह और रमा सिंह को गौरवान्वित करने की भावना भी उन्हें लगातार कुछ नया करने के लिए प्रेरित करती रही.
शिवरात्रि पर ‘हर हर महादेव’ और नवरात्र में भजन ‘मां के दर पर’ रिलीज हुआ
इसी दौरान Oddverse Record की एक प्रतियोगिता के माध्यम से उन्हें गीत लिखने का अवसर मिला. म्यूजिक कंपनी के निदेशक श्री अंकित सारस्वत ने उनकी रचना को मंच दिया. इसके बाद शिवरात्रि के अवसर पर उनका गीत ‘हर हर महादेव’ और नवरात्र में भजन ‘मां के दर पर’ रिलीज हुआ. ‘मां के दर पर’ को अब तक दस हजार से अधिक बार सुना जा चुका है। अब कंपनी ने उनका तीसरा गीत ‘राम आए हैं’ रिलीज किया है.
इस गीत को श्री अंकित सारस्वत ने अपनी मधुर आवाज दी है, जबकि एलेन कश्यप की प्रस्तुति ने इसे खास बनाया है. गीत में प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन की खुशी के साथ राजा दशरथ के वात्सल्य और पुत्र प्रेम को भी अभिव्यक्ति दी गई है.
गीत लेखन का अवसर मिलना मेरे लिए महत्वपूर्ण रहा : साधना सिंह
साधना का कहना है कि परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए उनके मन में यह इच्छा बनी रहती थी कि घर से ही अपनी रचनात्मकता को आगे कैसे बढ़ाया जाए. इंक्वेल इनोवेटर्स से जुड़ना और फिर Oddverse Record के माध्यम से गीत लेखन का अवसर मिलना उनके लिए इस दिशा में महत्वपूर्ण रहा. वह अंकित सारस्वत की इस पहल को सराहती हैं कि नई प्रतिभाओं को भी अपनी रचनाएं सामने लाने का अवसर दिया जा रहा है.
साधना के अनुसार, Oddverse Record पर उनके दो और गीत आने वाले हैं. एक ग़ज़ल भी है आएगी. भक्ति गीत के अलावा, सप्तक एल्बम भी जल्द आएगी जिसमें सात अलग अलग तरह के गीत है जिसमें एक गजल भी लिखी है. वह लेखन के इस सिलसिले को आगे बढ़ाना चाहती हैं. उनका मानना है कि घर-परिवार की जिम्मेदारियों के बीच भी अपनी रुचि और सपनों के लिए थोड़ा समय निकालना जरूरी है.
लिंक
अन्य भजन :
हर हर महादेवा
