अक्टूबर महीने के लिए प्रत्येक लाभुक को मिले ₹2,500, जिला प्रशासन ने कुल 98.50 करोड़ रुपये का किया भुगतान
रांची। धनतेरस और दीपावली से पहले झारखंड की महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना की राशि मिल गई है। रांची जिले में योजना की 3 लाख 94 हजार 7 लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 की सम्मान राशि हस्तांतरित कर दी गई है। प्रत्येक लाभुक को ₹2,500 की दर से कुल 98 करोड़ 50 लाख 17 हजार 500 रुपये का भुगतान किया गया है। राशि आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी गई है।
त्योहार से पहले खाते में राशि पहुंचने से लाभुक महिलाओं को घरेलू जरूरतों और त्योहार से जुड़े खर्चों में आर्थिक मदद मिलेगी। सरकार का कहना है कि योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
कांके प्रखंड में सबसे अधिक लाभुक
रांची जिले के प्रखंड और शहरी क्षेत्रों में लाभुकों की संख्या अलग-अलग है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कांके प्रखंड में सबसे अधिक 31,502 महिलाओं को योजना का लाभ मिला है। इसके बाद टाउन अर्बन क्षेत्र में 25,891, मांडर में 22,933 और सिल्ली में 21,282 लाभुक महिलाओं के खाते में राशि भेजी गई है।
वहीं, बुंडू नगर पंचायत में 3,558 और कांके शहरी क्षेत्र में 1,280 महिलाओं को भुगतान किया गया है।
उपायुक्त ने बताया महिला सशक्तीकरण की दिशा में अहम पहल
रांची के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। त्योहार से पहले राशि का हस्तांतरण सरकार की महिला हितैषी सोच और उनके प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
प्रखंड और शहरी क्षेत्रवार लाभुकों की संख्या
| क्षेत्र | लाभुक महिलाएं |
|---|---|
| अनगड़ा | 16,705 |
| अरगोड़ा शहरी क्षेत्र | 13,347 |
| बड़गाईं शहरी क्षेत्र | 10,042 |
| बेड़ो | 20,562 |
| बुंडू | 8,556 |
| बुंडू नगर पंचायत | 3,558 |
| बुढ़मू | 17,765 |
| चान्हो | 19,332 |
| हेहल शहरी क्षेत्र | 16,308 |
| इटकी | 10,135 |
| कांके | 31,502 |
| कांके शहरी क्षेत्र | 1,280 |
| खलारी | 9,597 |
| लापुंग | 11,784 |
| मांडर | 22,933 |
| नगड़ी | 18,250 |
| नगड़ी शहरी क्षेत्र | 8,216 |
| नामकुम | 17,958 |
| नामकुम शहरी क्षेत्र | 9,504 |
| ओरमांझी | 17,840 |
| राहे | 9,531 |
| रातू | 20,290 |
| सिल्ली | 21,282 |
| सोनाहातू | 13,088 |
| तमाड़ | 18,751 |
| टाउन अर्बन | 25,891 |
