झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के बांग्लादेश और नेपाल को लेकर दिए गए बयान के विरोध में शुक्रवार को बीजेपी ने राजधानी रांची में प्रदर्शन किया। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डीसी चौक के पास मंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के खिलाफ भी नारेबाजी की और राहुल गांधी से इस मामले में जवाब मांगा।
दरअसल स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने हाल ही में बयान दिया था कि देश के युवा, किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग, दलित और आदिवासी समुदाय के लोग परेशान हैं। उन्होंने दावा किया था कि करीब 40 लाख युवा राहुल गांधी के एक इशारे का इंतजार कर रहे हैं। अंसारी ने चेतावनी दी थी कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समय रहते हालात नहीं संभाले तो देश की स्थिति बांग्लादेश और नेपाल से भी ज्यादा खराब हो सकती है।
इरफान अंसारी का किया पुतला दहन
कार्निवल हॉल में बीजेपी के कार्यक्रम के बाद पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पदयात्रा करते हुए जुलूस की शक्ल में डीसी चौक पहुंचे। प्रदर्शनकारियों के हाथों में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का पुतला था। चौक पर पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया और मंत्री के बयान के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी से मंत्री के बयान पर जवाब मांगा। साथ ही राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के खिलाफ नारे लगाए। इस मौके पर बीजेपी नेता अमर बाउरी ने भी अपनी बात रखी।
