रांची के नामकुम थाना क्षेत्र से नाबालिग से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। बुंडू की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी के साथ उसके ही घर में घुसकर दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। घटना के बाद अत्यधिक रक्तस्राव के चलते किशोरी की हालत गंभीर हो गई और उसे इलाज के लिए RIMS में भर्ती कराया गया। मामले में नामकुम थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, किशोरी अपनी मां के साथ नामकुम के बरगावां इलाके में किराए के मकान में रहती है। आरोपी 35 वर्षीय गुरुदयाल मुंडा, पिता घासी राम मुंडा, बुंडू के करांबो का रहने वाला है। पीड़िता के परिवार से उसकी पहले से पहचान थी और उसका घर पर आना-जाना भी था। कई बार वह रात में भी उसी मकान में रुकता था।
16 अगस्त की रात की घटना
बताया गया कि 16 अगस्त की रात गुरुदयाल मुंडा भी उसी मकान में ठहरा हुआ था। रात करीब 12 बजे, जब नाबालिग की मां घर के दूसरे हिस्से में सो रही थी, तभी आरोपी ने कथित तौर पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद किशोरी को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा और उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसने किसी तरह अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद मां उसे लेकर देर रात एक निजी अस्पताल पहुंची।
निजी अस्पताल से RIMS किया गया रेफर
किशोरी की गंभीर हालत और मामले के पुलिस केस होने के कारण निजी अस्पताल में उसका इलाज नहीं हो सका। इसके बाद उसे तत्काल RIMS भेजा गया, जहां उसे भर्ती कराया गया।
RIMS में इलाज के दौरान पुलिस को घटना की जानकारी मिली। बरियातू थाना पुलिस के जरिए नामकुम थाना पुलिस तक सूचना पहुंची। इसके बाद नामकुम थाना की टीम RIMS पहुंची और नाबालिग का बयान दर्ज किया।
POCSO एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज
नामकुम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामनारायण सिंह के अनुसार, पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी गुरुदयाल मुंडा के खिलाफ POCSO एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पहले भी दुष्कर्म के मामले में जा चुका है जेल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। थाना प्रभारी ने बताया कि गुरुदयाल मुंडा पहले भी दुष्कर्म के एक अन्य मामले में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उस पर दोबारा इसी तरह की वारदात को अंजाम देने का आरोप लगा है।
फिलहाल पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इसे भी पढ़े – सिद्धि सिंह के एडमिशन मामले में आया नया मोड़, प्रशासन ने स्कूल को दिए निर्देश


