Saturday, October 24

रांची: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को रांची के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। परिवहन सचिव राजीव रंजन की उपस्थिति में दलादली चौक, तिलता चौक और ओरमांझी सहित विभिन्न इलाकों में वाहन चालकों, दुकानदारों और आम नागरिकों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले लगभग 600 से 700 चालकों को जागरूक किया गया।

हेलमेट पहनना केवल नियम नहीं, जीवन की सुरक्षा

अभियान के दौरान वाहन चालकों को समझाया गया कि हेलमेट पहनना केवल कानूनी अनिवार्यता नहीं, बल्कि जीवन बचाने के लिए जरूरी है। सड़क दुर्घटना के दौरान हेलमेट सिर में गंभीर चोट लगने और मृत्यु के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। लोगों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की गई।

परिवहन सचिव राजीव रंजन ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों के जीवन की रक्षा करना सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता का उल्लेख करते हुए कहा कि नागरिकों में सिविक सेंस विकसित करना और यातायात नियमों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।

माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर दिया सुरक्षित सफर का संदेश

अभियान के दौरान लोगों को जागरूक करने के लिए दंडात्मक कार्रवाई के बजाय जनभागीदारी और संवाद पर जोर दिया गया। वाहन चालकों को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। इसके साथ ही निःशुल्क हेलमेट और सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए। उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।

परिवहन सचिव ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का व्यक्तिगत और सामाजिक दायित्व है। एक सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु से उसके परिवार को अपूरणीय क्षति होती है। खासकर परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य की मृत्यु होने पर परिजनों को भावनात्मक आघात के साथ आर्थिक कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ता है।

नुक्कड़ नाटक में यमराज ने समझाए नियमों के उल्लंघन के खतरे

लोगों तक सड़क सुरक्षा का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया। प्रस्तुतियों में बिना हेलमेट वाहन चलाने, यातायात नियमों की अनदेखी करने और लापरवाही से गाड़ी चलाने के दुष्परिणामों को दिखाया गया।

नुक्कड़ नाटक में यमराज के पात्र के माध्यम से लोगों को प्रतीकात्मक और रोचक तरीके से समझाया गया कि यातायात नियमों की अनदेखी जानलेवा साबित हो सकती है। इन कार्यक्रमों के जरिए आम नागरिकों को सुरक्षित वाहन चलाने और दूसरों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

सड़क पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से बचने की अपील

अभियान के दौरान सड़क किनारे दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को भी जागरूक किया गया। दुकानदारों से सड़क तक सामान फैलाने और सार्वजनिक रास्तों पर अनधिकृत कब्जा करने से बचने की अपील की गई। वहीं, वाहन चालकों को बड़े वाहनों सहित अन्य वाहनों की पार्किंग निर्धारित और उपयुक्त स्थानों पर करने की सलाह दी गई।

अधिकारियों ने कहा कि सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त रखना तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करना सभी की जिम्मेदारी है। अभियान का उद्देश्य केवल नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है।

आगे भी जारी रहेंगे जागरूकता अभियान

परिवहन विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह के जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे। इसका उद्देश्य रांची सहित पूरे झारखंड में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, मोटर वाहन निरीक्षक राहुल सिद्धार्थ, आईटी असिस्टेंट कविता कुमारी, सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार एवं अभय कुमार, सड़क सुरक्षा मित्र आशुतोष द्विवेदी तथा ट्रैफिक पुलिस के जवानों सहित परिवहन विभाग के अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।

Share.
Next Story
प्रतियोगिताओं में डीएवी नंदराज पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, प्राचार्य ने किया सम्मानित
Exit mobile version