देवघर: देवघर में हथियारबंद अपराधियों ने देर रात JMM नेता ओंकारनाथ बर्णवाल के घर धावा बोल दिया। करीब चार की संख्या में पहुंचे बदमाश छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और हथियार के बल पर परिवार के सदस्यों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद घर में जमकर लूटपाट की। अपराधियों ने नेता के बेटे पर भी बंदूक तान दी। वारदात के बाद वे सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और नकदी लेकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कीमत करीब 8 से 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
पीड़ित महिला के मुताबिक, अपराधियों ने घर में घुसते ही परिवार को हथियार दिखाकर डराया और सभी को अपने नियंत्रण में ले लिया। इसके बाद घर में रखे कीमती सामान की तलाशी ली और जो मिला, उसे समेटकर फरार हो गए।
वारदात के दौरान बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को डराने के लिए हथियारों का इस्तेमाल किया। महिला के अनुसार, अपराधियों ने उनके बेटे पर बंदूक तान दी। विरोध करने पर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग दहशत में हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। अपराधी घर में घुसने के बाद किस रास्ते से फरार हुए और वारदात में कौन-कौन शामिल था, इसकी जांच की जा रही है।


