डीजीपी तदाशा मिश्रा समेत राज्य के तमाम सीनियर पुलिस पदाधिकारी गंभीर
सशस्त्र बल से लेकर आतंकवाद निरोधक दस्ता तक रहेगा अलर्ट
श्रावणी मेला 2026: देवघर, दुमका और रेल जिला धनबाद के लिए राज्यभर से पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति
राजकीय श्रावणी मेला-2026 निगेहबानों के साए में सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित करने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. इसके संचालन हेतु डीजीपी ऑफिस ने राज्य के लगभग सभी जिलों और विशेषज्ञ इकाइयों से पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है. आईजी अभियान नरेन्द्र कुमार सिंह द्वारा हस्ताक्षरित इन आदेशों के अनुसार अधिकांश प्रतिनियुक्तियां दिनांक 25 जुलाई 2026 के पूर्वाह्न से प्रारंभ होकर 31 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेंगी, तथा प्रतिनियुक्त बलों को 1 सितंबर 2026 के पूर्वाह्न में उनके मूल जिलों में वापस लौटाया जाएगा.
देवघर के लिए किसे कहाँ से बुलाया गया
देवघर जिले में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण हेतु राज्य के लगभग हर कोने से बल भेजे जा रहे हैं. रांची जिला से एक बड़ी टुकड़ी 26 जुलाई 2026 के अपराह्न से देवघर रवाना होगी. इसके अतिरिक्त खूँटी, गुमला, सिमडेगा, जमशेदपुर, सरायकेला, चाईबासा, पलामू, लातेहार, गढ़वा, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, गोड्डा, धनबाद, बोकारो और साहेबगंज जिलों से भी पुलिस पदाधिकारी, बल और प्रशिक्षु देवघर भेजे जा रहे हैं.
स्पेशल ब्रांच अलर्ट पर, सूचनाओं पर पैनी नजर
स्पेशल ब्रांच को भी अलर्ट कर दिया है और ब्रांच की एक टुकड़ी देवघर भेजी गई है. इसके साथ ही जैप 2, 3, 5, 6, 7, 8, 9 और 10 तथा भारतीय रिजर्व बटालियन (आई0आर0बी0) की इकाई क्रमांक 1, 4, 5, 8, 9 और 10 और एस0आई0आर0बी0-1 से भी बल देवघर भेजे जाएंगे. झारखंड पुलिस अकादमी, हजारीबाग तथा जैप प्रशिक्षण केन्द्र पदमा और सी0टी0सी0 मुसाबनी से भी प्रशिक्षु बल देवघर भेजे जा रहे हैं.
असाल्ट ग्रुप और बम स्क्वॉयड रहेगा तैनात
झारखंड जगुआर से एसाल्ट ग्रुप एवं बम निरोधक दस्ता तथा अपर पुलिस अनुसंधान विभाग और आतंकवाद निरोध दस्ते से हिट टीम भी देवघर भेजी जाएगी. अलग से गृह रक्षा वाहिनी से 1400 गृह रक्षकों को भी 26 जुलाई से 29 सितंबर 2026 तक की अवधि के लिए देवघर बुलाया गया है, जो श्रावणी और भादो दोनों मेलों को कवर करेगा.
दुमका के लिए किसे कहाँ से बुलाया गया
दुमका जिले के लिए धनबाद, पलामू, रामगढ़, हजारीबाग, साहेबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, गोड्डा, गढ़वा, गुमला और लातेहार जिलों से पुलिस पदाधिकारी और बल प्रतिनियुक्त किए गए हैं. इसके अतिरिक्त जैप प्रशिक्षण केन्द्र पदमा से प्रशिक्षु बल तथा SIRB-1 और SIRB-2 से भी बल दुमका भेजे गए हैं. झारखंड जगुआर से 2 एसाल्ट ग्रुप एवं 1 बम निरोधक दस्ता तथा जैप1 और जैप-7 की फुल स्ट्रेंथ टुकड़ियां भी दुमका भेजी जाएंगी. इनके साथ गृह रक्षा वाहिनी से 700 गृह रक्षक भी 25 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक दुमका में तैनात रहेंगे.
रेल जिला धनबाद के लिए किसे कहाँ से बुलाया गया
पुलिस महानिरीक्षक, रेल के अनुरोध पर रेल जिला धनबाद में भी बड़े पैमाने पर बल प्रतिनियुक्त किए गए हैं. इसके लिए लोहरदगा, कोडरमा, खूँटी, रामगढ़, सरायकेला, बोकारो, चाईबासा, रेल जमशेदपुर, आई0टी0बी0पी0, विशेष शाखा और जंगल वारफेयर स्कूल, नेतरहाट से पुलिस पदाधिकारी और बल भेजे जा रहे हैं. झा0स0पु0-1 से भी टुकड़ी रेल जिला धनबाद भेजी गई है, तथा झारखंड जगुआर से बम निरोधक दस्ता, अपर पुलिस अनुसंधान विभाग से बल एवं आतंकवाद निरोध दस्ते से हिट टीम भी वहां तैनात की गई है.
पुलिस पर रहेगी समन्वय की जिम्मेदारी
आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि जिन जिलों/इकाइयों से बल प्रतिनियुक्त किए जा रहे हैं, वे संबंधित प्राप्तकर्ता जिले (देवघर, दुमका अथवा रेल धनबाद) के पुलिस अधीक्षक से समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित तिथि तक अपने बल वहां पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे. साथ ही पदाधिकारी/बलों की नामावली सूची मोबाइल नंबर सहित पूर्व निर्धारित तिथि तक संबंधित जिले को उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि आवागमन के दौरान अनुशासन एवं सुरक्षित निगरानी सुनिश्चित की जा सके. प्राप्तकर्ता जिलों के पुलिस अधीक्षकों को यह भी निर्देशित किया गया है कि वे प्रतिनियुक्त बलों को सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं—आवासन, भोजन एवं दंगारोधी उपकरण—उपलब्ध कराएं.
