Friday, October 23

रांची। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्री शिव मंदिर महावीर मंदिर न्यास समिति के तत्वावधान में श्री राधा कृष्ण मंदिर, राजेंद्र चौक के समीप श्री राम भरत मिलाप समिति की ओर से श्री राधा-कृष्ण बाल रूप सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता 4 सितंबर 2026 को शाम 7 बजे से मंदिर परिसर में आयोजित होगी।

प्रतियोगिता को लेकर मंगलवार को मंदिर परिसर में पोस्टर विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष रोहित शारदा ने बताया कि इस बार प्रतिभागियों की सुविधा और बरसात के मौसम को देखते हुए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है। प्रतिभागी पोस्टर पर दिए गए QR कोड को स्कैन कर गूगल फॉर्म के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में भी QR कोड वाले पोस्टर लगाए जाएंगे और सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोग रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे।

तीन आयु वर्गों में होगी प्रतियोगिता

बाल रूप सज्जा प्रतियोगिता में बच्चों को तीन आयु वर्गों में शामिल किया जाएगा। इसमें 0 से 3 वर्ष, 4 से 7 वर्ष और 8 से 12 वर्ष तक के बच्चे भाग ले सकेंगे। आयोजकों का कहना है कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति रुचि बढ़ाना और जन्माष्टमी के उत्सव को आकर्षक बनाना है।

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में किसी तरह की परेशानी होने पर प्रतिभागी कार्यक्रम संयोजक प्रिंस पांडे से संपर्क कर सकते हैं।

इको-फ्रेंडली सामग्री से सजाया जा रहा मंदिर

श्री शिव मंदिर महावीर मंदिर न्यास समिति के सचिव हरिप्रसाद विजयवर्गीय ने बताया कि जन्माष्टमी को लेकर मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाने की तैयारी चल रही है। बंगाल से आए कारीगरों द्वारा फूल, मोती, मेथी दाना और अन्य इको-फ्रेंडली सामग्री से मंदिर की सजावट की जा रही है। वहीं, बरसात को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भव्य वाटरप्रूफ पंडाल का निर्माण भी तेजी से कराया जा रहा है।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में रोहित शारदा, महेश विजय, आरके गुप्ता, प्रिंस पांडे, विनीता शर्मा, जितेंद्र बरनवाल, प्रिया सिन्हा, राघव शारदा, शिव शंकर वैद्य, संजू मिश्रा, ममता देवी समेत समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Share.
Next Story
ममता बनर्जी की भतीजी बृष्टि मुखर्जी की घर में मौत, शिक्षक भर्ती में नौकरी जाने के बाद चल रहा था इलाज
Exit mobile version