रांची: NEET-PG 2026 परीक्षा के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। 30 अगस्त को सुबह 6 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक जिले के चार परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर, रांची ने BNSS की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है। प्रशासन को आशंका है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनधिकृत भीड़ या असामाजिक तत्वों की गतिविधियों से विधि-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
पांच या उससे अधिक लोगों के जुटने पर रोक
निषेधाज्ञा लागू रहने के दौरान परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह जमा होने पर रोक रहेगी। हालांकि सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी-कर्मी, सरकारी कार्यक्रम और शवयात्रा को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है।
इसके अलावा बिना अनुमति किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल, बैठक या आमसभा के आयोजन पर भी प्रतिबंध रहेगा।
हथियार लेकर पहुंचने पर भी रोक
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा को लेकर हथियारों पर भी पाबंदी लगाई है। आदेश के दौरान बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम, बारूद समेत किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी।
इसी तरह लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा, भाला जैसे हरवे हथियार लेकर चलने पर भी रोक रहेगी। सरकारी कार्य में तैनात पदाधिकारी और कर्मचारी इसके अपवाद होंगे।
इन चार केंद्रों पर होगी NEET-PG परीक्षा
रांची में 30 अगस्त को NEET-PG 2026 की परीक्षा चार केंद्रों पर आयोजित की जाएगी—
- Ram Tahal Choudhary Institute of Technology (RTCIT), आनंदी, ओरमांझी ब्लॉक चौक
- Arununma Technical Services Pvt. Ltd., प्रगति पथ, रोड नंबर-6, सामलौंग, लोअर चुटिया
- ICube Digital, मेडांता अस्पताल के पास, कैफेटेरिया बिल्डिंग, इरबा
- Oxford Public School, ओल्ड एचबी रोड, प्रगति पथ, रांची
परीक्षा के दौरान इन सभी केंद्रों के आसपास पुलिस बल और दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति भी की गई है, ताकि परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराई जा सके।
निषेधाज्ञा 30 अगस्त 2026 को सुबह 6 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक प्रभावी रहेगी।
इसे भी पढ़े – BJP विधायक पर हत्या का केस..जानिए क्या है पूरा मामला


