रांची के हरमू पार्क में राष्ट्रनायक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चेहरे पर कालिख पोतने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को एक 17 वर्षीय किशोर को पकड़ा है। आरोपी हेहल का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, किशोर ने 27 सितंबर की देर शाम काले रंग के स्प्रे से प्रतिमा के चेहरे पर कालिख पोती थी। जांच के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची।
इंस्टाग्राम आईडी से खुला राज
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने प्रतिमा पर कालिख पोतने से पहले घटनास्थल के पास इमली के पेड़ के समीप स्प्रे से अपनी इंस्टाग्राम आईडी लिखी थी। इसी आईडी के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की कोशिश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस आरोपी तक पहुंची और मंगलवार को उसे हेहल इलाके से पकड़ लिया।
पार्क में ही मिला था स्प्रे
जांच में सामने आया कि जिस काले स्प्रे से प्रतिमा के चेहरे पर कालिख पोती गई, वह आरोपी को पार्क में ही मिला था। पुलिस के मुताबिक, किशोर ने पहले उसी स्प्रे से घटनास्थल के पास अपनी इंस्टाग्राम आईडी “कोका डॉन” लिखी। इसके बाद उसी स्प्रे का इस्तेमाल कर प्रतिमा के चेहरे पर कालिख पोत दी।
मोबाइल और ब्लैक स्प्रे बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया ब्लैक स्प्रे का डब्बा और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस आरोपी के व्यवहार और घटना के पीछे के कारणों की भी जांच कर रही है। बताया गया कि किशोर अपने दोस्तों के बीच खुद को “डॉन” कहता था और उसका स्वभाव उदंड बताया जा रहा है।
आईफोन के लिए परिवार पर बनाया था दबाव
पुलिस जांच के दौरान आरोपी की मां ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। इसके बावजूद किशोर ने आईफोन खरीदने की मांग की थी। मां के अनुसार, फोन नहीं दिलाने पर उसने आत्मघाती धमकी दी थी। डर के कारण परिवार ने जमीन बेचकर उसे आईफोन दिलाया था। पुलिस ने इस पारिवारिक पृष्ठभूमि की जानकारी भी जांच में दर्ज की है।
बाल सुधार गृह भेजा गया किशोर
आरोपी की उम्र 17 वर्ष होने के कारण पुलिस ने उसे बाल संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रक्रिया के तहत बाल सुधार गृह भेज दिया है। बरामद मोबाइल और स्प्रे को जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस घटना के दौरान आरोपी की गतिविधियों और उसके सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।
