Saturday, November 14
गोकुलधाम में दो दिवसीय आयोजन की तैयारी पूरी, 12 स्थानों पर होगी गौ-पूजन की व्यवस्था; गौ कथा, भजन संध्या और श्रीकृष्ण रासलीला होंगे मुख्य आकर्षण

रांची गौशाला न्यास की ओर से हरमू रोड स्थित गोकुलधाम में 16 और 17 नवंबर को 122वां श्री कृष्ण गोपाष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए न्यास की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। दो दिवसीय इस आयोजन में गौ कथा, गौ पूजन, तुलादान, बच्चों के लिए मनोरंजक कार्यक्रम, दानदाताओं का सम्मान और भजन संध्या सहित कई धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में झारखंड के राज्यपाल महामहिम संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

रांची गौशाला न्यास के मंत्री प्रदीप राजगढ़िया और महोत्सव संयोजक मनीष लोधा ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत 16 नवंबर को दोपहर एक बजे गौ कथा सत्संग से होगी। इस अवसर पर पखमेड़ा से पधारे कथावाचक ग्वालसंत गौ-महिमा और गौ-सेवा के महत्व पर कथा प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही गौ सम्मान आह्वान अभियान के संकल्प को आगे बढ़ाया जाएगा।

गणेश पूजन से होगी मुख्य समारोह की शुरुआत

17 नवंबर को सुबह 7:30 बजे गणेश पूजन और गौ पूजन के साथ मुख्य आयोजन शुरू होगा। श्रद्धालुओं के लिए पूरे दिन गौ पूजन और दर्शन की व्यवस्था रहेगी। वहीं, सुबह 8 बजे से तुलादान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं और मनोरंजक कार्यक्रम होंगे।

शाम 6 बजे आयोजित समारोह में दानदाताओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद शाम 6:30 बजे गोवर्धन, मथुरा से आने वाले सुप्रसिद्ध भजन गायक राजेश प्रसाद शर्मा और उनकी टीम द्वारा भजन संध्या एवं श्रीकृष्ण रासलीला की प्रस्तुति दी जाएगी।

शहर के 12 स्थानों पर होगी गौ पूजन की व्यवस्था

गौ भक्तों की सुविधा को देखते हुए रांची शहर के 12 अलग-अलग स्थानों पर भी गौ पूजन की व्यवस्था की गई है। इनमें चांदनी चौक कांके रोड, बसंत बिहार, कृष्णा नगर कॉलोनी, राणी सती मंदिर, हरिओम टावर, दुर्गा मंदिर बकरी बाजार, लक्ष्मी नारायण मंदिर सेवा सदन पथ, सीएन होंडा शोरूम बरियातू रोड, चुटिया धर्मशाला, सहजानंद चौक, बलेयर अपार्टमेंट मेन रोड और बरियातू फायरिंग रेंज के समीप स्थान शामिल हैं।

इन सभी स्थानों पर 17 नवंबर को सुबह 7 बजे से 10 बजे तक गाय और बछड़े के साथ गौ पूजन की व्यवस्था रहेगी।

गौ सेवा में सहभागिता की अपील

रांची गौशाला न्यास के अध्यक्ष पुनीत कुमार पोद्दार ने शहर के सभी गौ भक्तों से महोत्सव में सपरिवार शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गोपाष्टमी गौ माता की सेवा, सम्मान और संरक्षण का विशेष अवसर है। श्रद्धालु इस अवसर पर गौ पूजन कर पुण्य के भागी बनें और अपनी श्रद्धा के अनुसार गौशाला को अनुदान देकर गौ सेवा में योगदान दें।

 

Share.
Next Story
IITF-2026 में झारखंड बना फोकस स्टेट, CM हेमंत सोरेन ने किया झारखंड पवेलियन और पलाश का उद्घाटन
Exit mobile version