रांची: झारखंड की महिला वुशु खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलने जा रहा है। खेलो इंडिया के अंतर्गत आयोजित अस्मिता वुशु स्टेट टूर्नामेंट–2026 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 21 से 24 नवंबर तक रांची के खेलगांव स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार में प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से करीब 500 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, तकनीकी अधिकारी और पदाधिकारी शामिल होंगे। प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
आयोजन की तैयारियों को लेकर 18 नवंबर को झारखंड वुशु संघ की विशेष बैठक हुई। इसमें खिलाड़ियों की सुविधाओं, तकनीकी व्यवस्था और आयोजन से जुड़ी जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के झारखंड एवं बिहार प्रभारी करण साधवानी भी प्रतियोगिता में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
महिला खिलाड़ियों को मिलेगा आगे बढ़ने का मंच
अस्मिता का पूरा नाम ‘Achieving Sports Milestone by Inspiring Women Through Action’ है। खेलो इंडिया के तहत भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की यह पहल महिलाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इसके माध्यम से महिला खिलाड़ियों को जिला, राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है।
झारखंड जैसे खेल प्रतिभाओं से समृद्ध राज्य में इस प्रतियोगिता के जरिए महिला वुशु खिलाड़ियों को पदक जीतने और भविष्य में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का मौका मिलेगा।
40 तकनीकी अधिकारी संभालेंगे प्रतियोगिता की जिम्मेदारी
प्रतियोगिता का संचालन राष्ट्रीय स्तर के निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप होगा। इसके लिए दिल्ली से विशेष तकनीकी टीम रांची पहुंचेगी। प्रतियोगिता निदेशक शिवेंद्र दुबे ने बताया कि आयोजन के सुचारु और निष्पक्ष संचालन के लिए करीब 40 तकनीकी अधिकारियों की सेवाएं ली जाएंगी। इनका चयन विशेष तकनीकी प्रशिक्षण सेमिनार के आधार पर किया जा रहा है।
20 नवंबर से वजन प्रक्रिया, 21 को उद्घाटन
खिलाड़ियों का वजन वर्ग निर्धारण के लिए 20 नवंबर की शाम और 21 नवंबर की सुबह किया जाएगा। 21 नवंबर को सुबह 9 बजे टीम प्रबंधकों और प्रशिक्षकों की बैठक होगी। इसके बाद मुकाबले शुरू होंगे। वहीं, दोपहर 3 बजे प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। 24 नवंबर को दोपहर 3 बजे समापन समारोह और पुरस्कार वितरण होगा।
चिकित्सा और आवास की व्यवस्था
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विटालिया हॉस्पिटल सहयोग करेगा। अस्पताल के निदेशक डॉ. बी.के. माहेश्वरी की सहमति के बाद उनकी चिकित्सा टीम आयोजन स्थल पर मौजूद रहेगी।
खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर में की गई है, जबकि तकनीकी अधिकारी होटल बालाजी, टाटी सिलवे में ठहरेंगे। आयोजन का कार्यक्रम प्रबंधन और संचालन डिवाइन स्पोर्ट्स कंपनी करेगी। प्रतियोगिता पूरी तरह निःशुल्क होगी और खिलाड़ियों से कोई प्रवेश या प्रतियोगिता शुल्क नहीं लिया जाएगा।
आयोजन समिति की बैठक में कई सदस्य रहे मौजूद
आयोजन की तैयारियों को लेकर 18 नवंबर को अपराह्न 4 बजे झारखंड ओलंपिक संघ के कार्यालय में आयोजन समिति की बैठक भी हुई। इसमें चंचल भट्टाचार्य, डॉ. कविता सिंह, मिथिलेश साहू, उदय साहू, शैलेन्द्र दुबे, सुनील सूर्यात, मनोज महतो, विभूति भूषण अमर, आशीष गोप, दीपक गोप, प्रतिमा कुमारी, खुश्बू सिंह, अमासी बारला, रत्नेश गुप्ता, संजय मंडल, राजकुमार जैन, संजय जैन, बासुदेव टोप्पो, दुल्ला किसपोट्टा, निशांत तिर्की, लक्ष्य सोरेन, विमला टोप्पो, सुशांति टोपनो, कार्तिक राम, आशीष, ध्रुव, अमन और हर्ष समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के आयोजन में रिन्यूएबल पावर इंडिया की टीम भी सहयोग करेगी। झारखंड वुशु संघ के सचिव शैलेन्द्र नाथ दुबे ने खेल प्रेमियों, खेल संगठनों और खिलाड़ियों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।
